
बहरागोड़ा : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा बीपीएल कार्डधारियों के लिए पेट्रोल की कीमतों में 25 रुपये प्रति लीटर की कमी की घोषणा को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेरोजगारी, महंगाई, बिजली कटौती, अनुबंध कर्मियों पर लाठी चार्ज, जेपीएससी घोटाला और बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर परेशान जनता को मुद्दे से भटकाने के लिए राज्य सरकार ने एक नया शिगूफा छोड़ा है। उन्होंने सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह जनता के साथ भेदभाव की नीति है। उन्होंने सरकार से सवाल किया है कि राज्य में ऐसे कितने बीपीएल परिवार हैं, जिनके पास अपना दोपहिया है ? अगर सरकार को छूट देनी ही थी, तो वैट कम कर के पूरी जनता को महंगाई से राहत दे सकती थी। परन्तु सरकार की न तो नीयत साफ है और न ही जनता को राहत देने की इच्छा शक्ति है। यह तो राज्य की बाकी जनता के प्रति नफरत है। इस लोकलुभावन घोषणा के बाद से ही, इसके क्रियान्वयन व उपलब्धता को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, और लोग इसे एक झूठा छलावा बता रहे हैं।





