
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के कमारीगोड़ा गांव स्थित नया बांध तालाब में फिर से जलकुंभी धीरे-धीरे भरने लगा है। तालाब में जलकुंभी भर जाने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। गौरतलब है कि इस तालाब पर नगर पंचायत के अधिकांश ग्रामीण कपड़ा धोने और स्नान करने के लिए निर्भर है। यह एक मात्र तालाब है जहां नगर पंचायत क्षेत्र के लोग श्राद्धकर्म करने के लिए भी आते है। विगत वर्ष तालाब में जलकुंभी भर जाने से तालाब की साफ-सफाई कराने की मांग को लेकर कई बार उग्र आंदोलन किया था, ग्रामीणों के आंदोलन करने के कारण स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। अंततः नगर पंचायत प्रशासन द्वारा लाखों की लागत से उक्त तालाब की जिर्णोद्धार किया गया था। तालाब की जिर्णोद्धार होने के पश्चात पुनः तालाब में जलकुंभी भरने लगा है समय रहते नगर पंचायत के पदाधिकारी और जन प्रतिनिधि तालाब की साफ सफाई पर ध्यान नहीं दिया तो तालाब में जलकुंभी भर जाएगा जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।



