
चाकुलिया : कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बालमुचू दोबारा कांग्रेस में वापसी करने के पश्चात बुधवार को चाकुलिया प्रखंड के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने पुराने कांग्रेसियों से मिलकर संगठन विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने दिवंगत कांग्रेसी तारक नाथ दत्त, सुधीर चन्द्र बेरा और वरिष्ठ कांग्रेसी पतित पावन बेरा के पुत्र की सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना पाकर तीनों परिवारों के लोगों से मिलकर दुःख व्यक्त किया और सांत्वना दी। श्री बलमुचू वापस पार्टी कार्यालय पहुंचे और संवाददाताओं के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि उनकी कांग्रेस में दोबारा वापसी दो वर्ष बाद हुई है और ये दो वर्ष उनके लिए 20 वर्ष के समान था। उन्होंने पार्टी के आला कमान को धन्यवाद देते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जिस भरोसे और उम्मीद से दोबारा जिम्मेदारी दी है उस पर वे पूरी तरह से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। ग्रामीण क्षेत्र में भी युवाओं को पार्टी से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में भी संगठन को मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे। (नीचे भी पढ़ें व वीडियो देखें)
केन्द्र सरकार का बजट निराशाजनक : श्री बलमुचू ने कहा कि केन्द्र सरकार ने जो बजट पेश किया है वह निराशाजनक बजट है। यह किसी प्रकार से सकारात्मक बजट नहीं है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष लोगों को सरकार से काफी उम्मीदें थीं, पर लोगों को निराशा ही हाथ लगी है। मिडिल क्लास, कृषक और छोटे व्यापारियों को दरकिनार कर यह बजट बनाया गया है। इस बजट से उन्हें किसी प्रकार का लाभ नहीं मिला है। कहा कि देश में बेरोज़गारी की दर काफी बढ़ी है और सरकार के इस बजट में बेरोज़गारी दर कम करने की कोई पहल नहीं की गयी है। कुल मिलाकर यह कहा जा सकता है कि यह बजट सकारात्मक बजट नहीं है। इस दौरान अभय महंती, अनिल मिश्रा, रविन्द्र नाथ मिश्रा, रामाकांत शुक्ला, अभिषेक मिश्रा, विक्रम सिंह चौहान, अंशु मिश्रा, मिनी बेरा समेत अन्य उपस्थित थे।






