
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के नया बाजार सुभाष चौक पर इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है. सुभाष चौक पर मुख्य सड़क किनारे गड्ढे में प्लास्टिक, थर्माकोल के पत्तल और बाजार के सड़े गले कूड़ा कचरा भरा हुआ है. सड़क किनारे जमे कचरा के गंध से राहगीर परेशान हैं. नया बाजार के ग्रामीण और दुकानदारों ने कहा कि नगर पंचायत के जन प्रतिनिधि और कर्मी सफाई के प्रति गंभीर नहीं है. जमा कजरा स्थल पर जुस्को द्वारा पाइप लाइन बिछाने के बाद गड्ढा भरे बिना छोर दिया गया है और उक्त स्थल पर पाइप लाइन की चाभी भी है जिस कारण लोग गंदे पानी पीने पर मजबूर हैं. ग्रामीणों ने कहा कि नगर पंचायत के पदाधिकारी और जन प्रतिनिधियों के लापरवाही के कारण ग्रामीण और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कहा कि चौक पर जमे कचरे के पास दिनभर सूअर और मवेशी चरते रहते हैं ऐसा लगता है कि यह चौक पशुपालन केंद्र है. लोगों ने कहा कि चौक पर जमे कचरे को साफ करने के लिए कई बार जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया गया परंतु अब तक पहल नहीं किया गया है जिससे लोगों में रोष व्याप्त है.




