
चाकुलिया : पश्चिम बंगाल सीमा से सटे नक्सल मुक्त चाकुलिया प्रखंड की माटियाबांधी पंचायत के गोटाशिला मंदिर सह पहाड़ का पर्यटन स्थल के रूप में विकास किया जाएगा। उक्त बातें बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने रविवार को मंदिर परिसर में पार्टी के जिला सचिव घनश्याम महतो की अध्यक्षता में 40 मौजा के ग्राम प्रधानों के साथ हुई बैठक में दी है। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल के रूप में विकास करने के साथ दर्शनीय स्थल बनाने की पहल शुरू हो गई है। श्री महंती ने बैठक कर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर विचार-विमर्श कर रूपरेखा तैयार की। श्री महंती ने कहा कि झारखंड सरकार के पर्यटन विभाग से गोटाशिला मंदिर और पहाड़ का जल्द ही सौंदर्यीकरण होगा। गोटाशिला पहाड़ को दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से 25 लाख रुपये तक खर्च किए जाएंगे। (नीचे भी पढ़ें)

विदित हो कि विधायक समीर महंती ने कुछ दिन पूर्व ही इंजीनियरिग कंसल्टेंट के संग गोटाशिला पहाड़ का जायजा लेकर इसके सौंदर्यीकरण की रूपरेखा तैयार की थी। यहां पर्यटन स्थल के अनुरूप सारी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। विधायक ने बताया कि दूसरे प्रदेशों से आकर लोग यहां की खूबसूरती व गोटाशिला बाबा का दर्शन कर सकेंगे। इस दौरान ग्राम प्रधान उत्तम महतो, समीर महतो, राजेन सिंह, निमाई टुडू, ठाकुरदास हेम्ब्रम, हरो गोबिंदो सिंह, जदुनाथ हेम्ब्रम, पिंटू महतो, पवन गिरि, उमा महतो, पार्थो महतो, गुना महतो, कारू किस्कू, श्रीमंत रुहिदास, दोल गोबिंदो सिंह, बासुदेव महतो, कृष्णा महतो, तरुण महतो, मोनी महतो, राहुल गिरि, राम बास्के, उत्तम महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे।





