
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित काशीडीह लाइन नंबर 4 निवासी सूद कारोबारी धर्मेंद्र सिंह की हत्या की गुत्थी अब भी अनसुलझी है. हत्या के आरोपी विश्वजीत प्रधान को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया जिस कारण पुलिस ने अब तक हत्या का खुलासा नहीं किया है. हालांकि पुलिस विश्वजीत से पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लेगी जिसके बाद उसे दुबारा पूछताछ करेगी. हिरासत में रहने के दौरान विश्वजीत ने पुलिस को जो भी बातें बताई, वह पुलिसिया जांच में गलत साबित हो रही है. विश्वजीत ने पुलिस को बताया था कि धर्मेंद्र अक्सर किसी न किसी युवती को उसके फ्लैट में लेकर आता था. घटना के दिन भी वह एक लड़की को लेकर उसकी फ्लैट में आया था. पीछे से दो और युवक आए. दोनों के बीच झड़प हुई और युवक ने बैट से उसकी हत्या कर दी. शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने बैग खरीदा और शव को कार में लेकर दोनों युवकों के साथ घूमता रहा. बाद में दोनो युवक कार से उतरकर चले गए. सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि विश्वजीत बार-बार अपना बयान बदल रहा है. पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि विश्वजीत ने धर्मेंद्र से 11 लाख रुपए लिए थे और धर्मेंद्र द्वारा किसी को सूद में दिए गए रुपयों को लेने का काम करता था. धर्मेंद्र हर दिन किसी न किसी युवती को उसके फ्लैट में लेकर आता था और इसके लिए वह विश्वजीत को रुपए भी देता था. जांच में यह बात भी सामने आई है कि विश्वजीत शव को अकेले घर से लेकर निकला था. पुलिस रुपयों के लेनदेन के मामले में हत्या करने की बिंदु पर जांच कर रही है. पूछताछ के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा.





