
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा सिद्धू कान्हु मैदान में फायरिंग मामले में अखिलेश सिंह गिरोह के सदस्य कन्हैया सिंह समेत आठ आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. जानकारी देते हुए सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर फायरिंग की थी. कन्हैया सिंह इलाके में एक जमीन खरीदना चाहता था जो शीला देवी के नाम पर है. वह शीला देवी से यह लिखवाना चाहता था कि वह जमीन शीला देवी की नहीं है. इसको लेकर पूर्व में भी विवाद हुआ है. गुरुवार की रात भी कन्हैया सिंह अपने साथियों के साथ बातचीत ही करने गया था पर उस बीच विवाद हो गया. कन्हैया ने दो फायरिंग की थी जबकि मोनू ने 10 राउंड फायरिंग की थी. पुलिस ने घटना स्थल से 3 खोखा भी बरामद किया है. छानबीन के दौरान पुलिस ने मोनू के घर से एक पिस्टल और कन्हैया सिंह के घर से दो पिस्टल बरामद किया है, वहीं पुलिस ने दोनों के घर से गोलियां भी बरामद की है. (नीचे भी पढ़ें)

इस मामले में एक पक्ष से कन्हैया सिंह, ज्योति प्रकाश सिंह, सुनील कुमार पासवान और बंटी सिंह उर्फ पोलू और दूसरे पक्ष से विजय सिंह उर्फ मोनू, सिकंदर, रॉनी और किशन साव को गिरफ्तार किया गया है. एक पक्ष से शीला देवी ने कन्हैया सिंह, अमित कुमार उर्फ राम बाबू, अंकित कुमार शर्मा उर्फ राम बाबू, बंटी सिंह उर्फ पोलु, ज्योति प्रकाश उर्फ गुड्डन, सोनू सिंह के साथ 6 से 7 अन्य के खिलाफ फायरिंग करने का आरोप लगाया है. वहीं दूसरे पक्ष से कन्हैया सिंह ने विजय सिंह उर्फ मोनू सिंह, पिंटू प्रसाद, बंटी प्रसाद, सिकंदर प्रसाद, वीरेंद्र प्रसाद और रौनीत कुमार के खिलाफ फायरिंग करने का आरोप लगाया है. पुलिस अन्य को गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रहे रही है.





