जमशेदपुर : कदमा थानांतर्गत वर्कर्स फ्लैट के बी ब्लॉक, क्वार्टर नंबर 47 से तेज दुर्गंध आने के कारण मंगलवार को स्थानीय लोग किसी अनहोनी की आशंका से सिरह उठे. क्वार्टर से बाहर निकल रहे तरल के असहनीय दुर्गंध के कारण लोगों का वहां खड़े रहना मुश्किल होने लगा, जिससे आशंकित लोगों ने कदमा पुलिस को इसकी सूचना दी. पुलिस द्वारा क्वार्टर का दरवाजा खोले जाने पर कमरे में उसके सेफ्टिक टैंक का गंदा पानी भरा मिला, जिससे दुर्गंध आने की बात सामने आई, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली. (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
कदमा बी ब्लॉक वर्कर्स फ्लैट के क्वार्टर नंबर 47 में टाटा स्टील कर्मी एलएन मुखी रहते थे जिन्होंने 2012 में अवकाश ग्रहण करने के बाद भी क्वार्टर खाली नहीं किया था. बताया जाता है कि उनका कंपनी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. स्थानीय लोगों के अनुसार वे कहीं और रहते हैं किन्तु क्वार्टर उन्होंन अभी भी बंद कर रखा है, उसमें कोई रहता नहीं था. क्वार्टर से दुर्गंध आने के कारण लोग पहले से ही परेशान थे, लेकिन मंगलवार सुबह क्वार्टर से दुर्गंध युक्त तरल बाहर निकलते देख किसी अनहोनी की आशंका से लोगों में सनसनी फैल गयी. लोगों ने कदमा पुलिस को इसकी सूचना दी जिसके बाद थाना प्रभारी अशोक राम के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने क्वार्टर खोला तो उसमें सेफ्टिक टैंक का पानी भरा मिला, हालांकि क्वार्टर में और कोई संदिग्ध चीज नहीं मिलने से लोगों ने राहत की सांस ली.
















