
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स कर्मचारियों की टेल्को काे-आपरेटिव सोसाइटी चुनाव में गुरुवार को कुल 47 में से 43 उम्मीदवारों ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. दस कमेटी मेंबरों का चुनाव होना है. चेयरमैन पद पर इस बार मनीष वर्मा, सचिव पद पर अमितेष पांडेय और कोषाध्यक्ष पद पर अभिषेक अग्रवाल का चुनाव जीतना लगभग तय है. इनके खिलाफ गुरुवार को किसी ने नामांकन नहीं किया. अब शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी. निर्वाचन पदाधिकारी अनीस कुमार की देखरेख में नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी. शुक्रवार कल ही शाम तक नामांकन सूची का प्रकाशन, दस दिसंबर को नामांकन पर आपत्ति दाखिल होगा, 12 दिसंबर को आपत्तियों का निराकरण, विधि मान्य नामांकन सूची का प्रकाशन, 13 दिसंबर को नामांकन वापसी, 14 दिसंबर को अंतिम नामांकन सूची का प्रकाशन व चुनाव चिन्ह का आवंटन होगा. सोसाइटी के सभी निर्वतमान कमेटी मेंबर चुनावी मैदान में हैं. इनमें अभय कुमार सिंह, भास्कर चटर्जी, प्रेम कुमार, केसर खां, सीमा सिंह, भारती रानी, रिंकी गुप्ता व सुनीता सिंह का नाम शामिल है. कमेटी मेंबर के उम्मीदवार अभय कुमार सिंह ने नामांकन दाखिल करने के बाद अन्य उम्मीदवारों से मिलकर एक-एक पुष्पगुच्छ थमाया तो जीत की शुभकामना भी दी. सोसाइटी में कुल मेंबरों की संख्या 6109, जिसमें टीटीएल के 117 कर्मी, टाटा हिताची के 105 कर्मचारी व शेष सोसाइटी सदस्य टाटा मोटर्स कंपनी के कर्मचारी हैं. सोसाइटी चुनाव में भाजपा नेता अनूप सिंह ने भी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया. भाजपा नेता अनूप सिंह के समर्थन में भाजयुमो जिला प्रवक्ता अमित सिंह, टाटा मोटर्स यूनियन के पूर्व सहायक सचिव विजय सिंह व पूर्व उपाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव आदि शामिल हुए.





