घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र के बराजुड़ी गांव के सिंह टोला में बीती रात अज्ञात लोगों ने हथियार के बल पर डॉ ईश्वर चंद्र महतो के घर में सोने के जेवरात समेत नकद जो लगभग 3 लाख रुपये की डकैती की गयी है. इतना ही नहीं डॉ ईश्वर चंद्र महतो की पत्नी पुष्पा महतो पर जानलेवा हमला भी किया गया. लुटेरों ने पुष्पा महतो के सिर पर डंडे से प्रहार कर उन्हे जख्मी कर दिया है. पुष्पा महतो के सिर पर लगभग आठ से 10 टांके लगे हैं. घटना की जानकारी परिवार वालों ने घाटशिला थाना को दी है. सूचना पाकर गुरुवार की सुबह घाटशिला थाना प्रभारी शंभू प्रसाद गुप्ता दल बल के साथ गांव पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के संबंध में डॉ ईश्वर चंद्र महतो ने बताया कि देर रात लगभग 12 बजे के आसपास लगभग 10 अज्ञात अपराधी हथियार के बल पर घर में प्रवेश किए. बेटी हिमाद्री महतो को पिस्तौल के बल पर दूसरे कमरे में अपने कब्जे में रखा. यह देखकर जैसे ही पत्नी सामने आई उसके सिर पर जोरदार प्रहार कर घायल कर दिया. इसके बाद लगभग 2 घंटे तक पूरे घर में खोज-खोज कर गहना, नकद, मोबाइल समेत अन्य सामान लेकर अपराधी चलते बने. डकैती में लगभग 3 लाख रुपये के सामान सहित जेवरात ले गये है. घटना के संबंध में थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की जांच चल रही है. आशंका व्यक्त की जा रही है कि इस घटना में बंगाल के अपराधी शामिल है.



