जमशेदपुर: दूसरे दिन की खेल समाप्ति पर झारखंड के 386 रन के जवाब में गोवा ने चार विकेट खोकर 99 रन का स्कोर खड़ा किया है. गोवा की ओर से सलामी बल्लेबाज अमोघ देसाई व सुमिरन अमोनकर ने पारी की शुरुआत की. दोनों सयंम के साथ बल्लेबाजी कर रहे थे. दोनों के बीच 78 रन की साझेदारी हुई. इस बीच गेंदबाज उत्कर्ष सिंह की गेंद को अमोघ समझने में गलती की और गेंद सीधी विकेट की गिल्ली उड़ा दी. इस तरह अमोघ 41 रन बनाकर उत्कर्ष का पहला शिकार बने. इसके बाद क्रीज पर सुमिरन अमोनकर का साथ देने के लिए सुयश प्रभदेसाई बल्लेबाजी करने आए. इसी बीच सुमिरन भी उत्कर्ष की गेंद पर अनुकुल रॉय को अपना कैच थमा बैठे. सुमिरन भी 41 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद क्रीज पर अर्जुन तेंदुलकर बल्लेबाजी करने आए.(नीचे भी पढ़े)
टीम का स्कोर एक रन ही बढ़ा था कि सुयश प्रभुदेसाई को उत्कर्ष ने दो रन के निजी स्कोर पर पगबाधा आउट किया. अर्जुन तेंदुलकर भी कुछ विशेष नहीं कर पाए और शहबाज नदीम की गेंद पर बोल्ड हो गए. अर्जुन ने केवल एक रन बनाए. क्रीज पर सिद्धेस लाड व स्नेहल सुहास डटे हुए है. कल के स्कोर को आगे बढ़ाते हुए सौरव तिवारी एक रन जोड़ कर आउट हो गए. शानदार बल्लेबाजी कर रहे कुमार कुशाग्र 96 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवा बैठे. इसके अलावा नदीम व अनुकुल राय ने क्रमश: 25 व 30 रनों की पारी खेली.











