जमशेदपुर : राज्य के वरीय मंत्री चंपई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन की कार से बुधवार रात एक लाइसेंसी पिस्टल एवं 50 हजार रुपये की चोरी हो गई. बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में घटी इस घटना के समय बाबूलाल सोरेन बिष्टुपुर राम मंदिर के पास अपनी कार खड़ी कर रखी थी. वे जब अपना काम निपटाकर लौटे तो देखा कि कार में रखा लाइसेंसी पिस्टल एवं नगद 50 हजार रुपये गायब मिले. इसके बाद बाबूलाल सोरेन ने बिष्टुपुर थाना पहुंच कर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई. (नीचे भी पढ़ें)
बिष्टुपुर थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बाबूलाल सोरेन ने कहा है कि बुधवार शाम साढ़े चार बजे के करीब उन्होंने राम मंदिर के निकट अपनी कार पार्क की एवं काम के सिलसिले में चले गये. लेकिन रात 9:55 बजे के करीब जब वे वापस लौटे तो कार में रखी उनकी पिस्टल एवं 50 हजार रुपये गायब थे. प्राथमिकी के अनुसार कार में कहीं कोई क्षति नहीं हुई है और न ही उसका कांच ही टूटा है. पुलिस इस बात की जांच में लगी है कि बिना कांच टूटे या दरवाजा खुले उसमें चोरी कैसे हो गयी. बिष्टुपुर थाना प्रभारी विष्णु राउत ने बताया कि पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है.





