जमशेदपुर : ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान के तहत शुक्रवार को जमशेदपुर समाहरणालय सभागार में गुड गवर्नेंस को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई. कार्यशाला में कोल्हान के पूर्व आयुक्त मोहन लाल राय व एक्सएलआरआइ के प्रो कनग राज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इनके अलावा एसडीएम पीयूष सिन्हा, एडीएम एनके लाल. एनईपी निदेशक ज्योत्स्ना सिंह, अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा, जेएनएसी के एसओ संजय कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजीव रंजन, परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, डीसीएलआर रवींद्र गगराई सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने भी शिरकत की. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यशाला में लोकसेवकों से लोगों की अपेक्षा, शिकायतों के निष्पादन में सक्रियता एवं तकनीक के समावेश आदि विषयों पर मुख्य अतिथि एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने अपने बहुमूल्य विचार रखे. श्री राय ने कहा कि लोक सेवक के नाते कानून के दायरे में रहकर बेहतर सेवा देना है. आपके कार्यों से लोगों को लगना भी चाहिए कि न्याय कर रहे हैं. उन्होंने अपने सेवाकाल के कई अनुभव भी साझा किये. उन्होंने कहा कि समाज के हर तबके तक सरकार का न्याय पहुंचना चाहिए.(नीचे भी पढ़ें)

प्रो कनग राज ने अधिकारियों को गुणवत्ता युक्त सेवा प्रदान करने, तकनीक के सहयोग एवं लोकसेवा के क्षेत्र में त्वरित न्याय विषय पर अपने विचार रखे. उन्होंनेकहा कि लोगों को लगना चाहिए कि सरकार उनके लिए सोच रही है. एसडीएम पीयूष सिन्हा ने कहा कि हमें अपनी लोक सेवक की भूमिका से लोगों को संतुष्ट करना है. जिन्हें भी दायित्व मिला है उसका ईमानदारी से निर्वहन स्वयं को भी संतुष्टि प्रदान करता है. इनके अलावा कार्यशाला को अपर उपायुक्त, एनईपी की निदेशक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जेएनएसी के विशेष पदाधिकारी, परिवहन पदाधिकारी आदि सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया. कार्यशाला में अधिकारियों को लोक सेवक का भाव पहले एवं प्रशासक का बाद में रखने पर जोर दिया गया.











