जमशेदपुर : जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर्स यूनियन ने मंगलवार को धालभूम अनुमंडलाधिकारी के आश्वासन के बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी. अनुमंडलाधिकारी ने साकची बिरसा पार्क पहुंच कर हड़तालियों से मुलाकात कर उनकी मांगें सबंधित उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन देते हुए उनसे भूख हड़ताल खत्म करने का आग्रह किया. इसके बाद हड़ताली ट्रेलर ओनर्स ने अपनी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिये जाने के लिए पंद्रह दिन की मोहलत देते हुए हड़ताल वापस ले ली. (नीचे भी देखें)
गौरतलब है कि लोकल ट्रेलर ओनर्स यूनियन डीजल पर वैट लगाये जाने, वाहनों के टैक्स में बेतहाशा वृद्धि, कोरोना काल में खड़े वाहनों पर लगे टैक्स एवं स्थानीय वाहनों को 75 फीसदी कार्य दिये जाने की मांग को लेकर आंदोलन आंदोलन चला रहा है. इसी को लेकर यूनियन के कार्यकर्ताओं ने साकची बिरसा पार्क के समक्ष भूख हड़ताल शुरू की थी. मंगलवार को धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी आंदोलनकारियों से मिलने पहुंचे, जहां उन्होंने आंदोलनकारियों की मांगें सुनने के बाद उनका मांगपत्र लिया एवं इसे उच्चाधिकारियों के पास पहुंचाने का भरोसा दिलाया. यूनियन के अध्यक्ष जय किशोर सिंह ने कहा कि 15 दिनों का समय उन्होने जिला प्रशाशन को दिया है. अगर इस बीच उनकी मांगों की दिशा में कोई पहल नहीं होती है तो वे फिर से उग्र आंदोलन आरंभ कर देंगे.



