सिडनी: सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) के लिए 6 जनवरी 2023 क्रिकेट के इतिहास में दर्ज हो गया है. सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया की पूर्व महिला कप्तान और महान बल्लेबाज बेलिंडा क्लार्क ने खुद की कांस्य की मूर्ति का अनावरण किया. इससे पहले तो कई खिलाड़ियों के मूर्तियों का अनावरण विश्व के कई हिस्सों में हो चुका है, पर इसके अनावरण में खास बात यह है कि बेलिंडा क्लार्क के रूप में पहली बार किसी महिला क्रिकेट खिलाड़ी की मूर्ति का अनावरण हुआ है. मूर्ति का अनावरण भी बेलिंडा क्लार्क ने खुद से किया है. बेलिंडा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 15 टेस्ट, 118 एकदिवसीय और एक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है. वनडे में बेलिंडा पहली बल्लेबाज थी, जिन्होंने दोहरा शतक लगाया था. डेनमार्क के खिलाफ उन्होंने साल 1997 में नाबाद 229 रनों की पारी खेलकर इतिहास रचा था. दाएं हाथ की सलामी बल्लेबाज बेलिंडा क्लार्क ने 118 वनडे मैचों में 47.49 की औसत से 4844 रन बनाए है. जिसमें पांच शतक और तीस अर्धशतक शामिल है. 23 साल की उम्र में बेलिंडा को टीम की कप्तानी सौंपी गई और उन्होंने 1997 और 2005 में आस्ट्रेलिया को विश्व विजेता बनाया.(नीचे भी पढ़े)

मूर्ति अनावरण के मौके पर बेलिंडा ने कहा कि “मैं मूर्ति को स्थापित करने के लिए उत्साहित हूं और लोग अब इसे देखेंगे और शायद आश्चर्य करेंगे कि वह क्या है, वह कौन है और इस बारे में एक कहानी बताने में सक्षम होना वास्तव में महत्वपूर्ण है. मैं बहुत भाग्यशाली रही हूं कि मुझे बहुत समर्थन मिला है और मेरी ख्वाहिश है कि महिला क्रिकेट को वहां ले जाओ जहां मैं इसे ले जाना चाहती थी. और उम्मीद है कि अब यह खेल अपनी बेहतर जगह पर है.” रिची बेनौ, स्टेन मैककेबे, फ्रेड स्पोफोर्थ और स्टीव वॉ जैसे महान खिलाडियों की मूर्तियों के बीच खड़ी बेलिंडा क्लार्क की मूर्ति अपने आप में बहुत खास है. यह मूर्ति वह कहानी बया कर रही है जिसकी गूंज आज पूरे विश्व में है कि महिला क्रिकेट भी अब मेन स्ट्रीम क्रिकेट से पीछे नहीं रह गई है.(नीचे भी पढ़े)

आज महिला क्रिकेट पुरूष क्रिकेट से कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है. बीसीसीआई ने महिला खिलाड़ियों को पुरूष खिलाडियों के बराबर मैच फीस देकर पहले ही एक सराहनीय कदम उठाया है. और अब बेलिंडा क्लार्क की मूर्ति अपनी कहानी बया कर रही है. इस अवसर पर ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के सीईओ निक हॉक्ले ने कहा कि, मैं पूरी तरह से खुश हूं कि बेलिंडा क्लार्क को एससीजी परिसर में एक मूर्ति से सम्मानित किया गया है और यह मान्यता प्राप्त करने वाली पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं. ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की ओर से, मैं बेलिंडा को बधाई देना चाहता हूं, जिनकी मूर्ति एससीजी परिसर में मान्यता प्राप्त अन्य सभी महान खिलाड़ियों के साथ बहुत गर्व से खड़ी हुई है.











