जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने बड़ा राजनीतिक बयान दिया है. अपने जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित आवास में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए साफ तौर पर कहा है कि अगर चुनाव लड़ने की बात होगी तो फिर से वे जमशेदपुर पूर्वी से ही चुनाव लड़ेंगे. किसी और जगह नहीं लड़ेंगे. दरअसल, पत्रकार सम्मेलन सरयू राय ने अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर बुलाया था, लेकिन सरयू राय का 2024 में क्या होगा, इसको लेकर सवाल पूछे गये. विधायक सरयू राय ने साफ तौर पर कहा कि अगर चुनाव लड़ने की बात होगी तो वे फिर से जमशेदपुर पूर्वी से ही चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने पर संशय की बात नहीं है, परिस्थितियां ऐसी होती है कि कभी नहीं भी लड़ा जा सकता है. ऐसी परिस्थितियों में कुछ भी संभव है. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
भाजपा में विलय की बात नहीं, अभी संगठन को मजबूत बनायेंगे, 30 स्थानों पर लड़ेंगे चुनाव, भाजपा और आरएसएस की विचारधारा ही होगी
जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने कहा कि भाजपा में विलय की बात नहीं है. अभी तो भाजमों को ही मजबूत बनाने का काम हम लोग करेंगे. 30 विधानसभा सीटों पर जरूर भाजमो चुनाव लड़ेंगी. उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस से निकले हुए लोग ही भाजमो में ज्यादातर है. ऐसे में हमारी विचारधारा भी भाजपा की ही होगी. उन्होंने यह भी साफ किया कि हम लोग भाजपा या किसी पार्टी में जाने को लालायित नहीं है. पहले हम लोगों को खुद को मजबूत बनाना है और चुनाव लड़ना है. कैसे लड़ना है, इसके बारे में अभी हम लोग विचार कर रहे है. (नीचे भी पढ़ें)
मंत्री बन्ना गुप्ता कर रहे गुंडागर्दी, बहुत लाभ नहीं होगा, भाजपा जमशेदपुर के साथ मंत्री की है सेटिंग
विधायक सरयू राय ने कहा कि मंत्री बन्ना गुप्ता अपने एरिया के लोगो को परेशान कर रहे है. उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी की जा रही है. पुलिस भेज दिया जा रहा है. लोगों के घरों को तोड़ा जा रहा है. नोटिस दिया जा रहा है. धमकाया जा रहा है. यह गलत है. इसका लाभ मंत्री को नहीं होने वाला है. उन्होंने कहा कि मंत्री के इस गुंडागर्दी का अपने क्षमता से जरूर जवाब दिया जायेगा. जमशेदपुर भाजपा पर टिप्पणी करते हुए सरयू राय ने कहा कि हमारी पार्टी, हमारे लोग जरूर जमशेदपुर पश्चिम में आवाज उठा रहे है. सरकार के खिलाफ बोल रहे है. लेकिन भाजपा जमशेदपुर के लोग उनके ही नेताओं पर हो रहे हमलों और मंत्री की कारगुजारियों को लेकर चुप है. उन्होंने कहा कि इस तरह के कारगुजारियों को लेकर भाजपा चुप है, यानी उनकी मंत्री से सेटिंग है. वे लोग चुप फिर क्यों है.












