श्रीगंगानगर : राजस्थान के श्रीगंगानगर शहर वार्ड नंबर 35 निवासी केंद्र सरकार के अवकाश प्राप्त कर्मचारी चाह कर भी अपने करीब 8 दशक पुराने मकान की मरम्मत नहीं करा पाने से चिंतित हैं. उन्हें मरम्मत के अभाव में मकान के गिर जाने की चिंता कम, जिनके कारण मकान गिरेगा उनके उसके नीचे दब जाने की चिंता अधिक सता रही है, क्योंकि तब उन पर उन्हीं लापरवाही के कारण मकान गिरने एवं नीचे बसे दुकानदार को क्षति होने के आरोप में कार्रवाई अलग से हो सकती है. केंद्र सरकार की सेवा के दौरान बात की बात में दर्जनों फाइलें निपटा चुके पवन कुमार सिंगल श्रीगंगानगर नगर प्रशासन के अधिकारियों से अपनी एक फाइल का काम नहीं करा पाने से खासे दुखी हैं. (नीचे भी पढ़ें)

श्रीगंगानगर के वार्ड नंबर 35 के 2-ए स्वामी दयानंद मार्ग पर भीड़भाड़ वाले प्रमुख बाजार में पीसी ज्वेलर्स शो रूम के पास पवन कुमार सिंगल का 79 वर्ष पुराना भवन है. उसकी मरम्मत कराना जरूरी है नहीं तो भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित होने के कारण वह कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है. किन्तु श्री सिंगल चाह कर भी अपने मकान की मरम्मत नहीं करा पा रहे हैं, क्योंकि उनकी दीवार से सटे फुटपाथ पर टीन का शेड डाल कर किसी ने दुकान बना ली है. दीवार की मरम्मत के लिए उक्त दुकान हटाना जरूरी है, किन्तु अतिक्रमणकारी दुकानदार लाख समझाने के बाद भी वहां से दुकान हटाने को तैयार नहीं है. श्री सिंगल ने इसके लिए नगर प्रशासन से भी गुहार लगाई, किन्तु वहां से भी उन्हें कोई मदद नहीं मिली. (नीचे भी पढ़ें)
थक-हार कर उन्होंने जिले के उपायुक्त कार्यालय में लोक सेवा विभाग के सहायक निदेशक से गुहार लगाई एवं मकान की पुरानी जर्जर दीवार गिरने से होनेवाले हादसे की आशंका से भी अवगत कराया. सहायक निदेशक ने इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रीगंगानगर के नगर आयुक्त को इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई करने के साथ ही उसकी सूचना देने का भी निर्देश दिया. किन्तु नगर आयुक्त ने यह तर्क देते हुए कुछ भी करने से इनकार कर सहायक निदेशक के आदेश को किनारे कर दिया कि नगर में ऐसे सैकड़ों अतिक्रमणकारी हैं, इसलिए किसी एक पर कार्रवाई करना उचित नहीं होगा. अब पीड़ित पवन कुमार सिंगल को यह समझ नहीं आ रहा कि इसके आगे क्या करें. एक ओर उन्हें पुराने मकान की मरम्मत नहीं करा पाने की चिंता परेशान कर रही है तो दूसरी ओर जर्जर दीवार के किसी दिन ढह जाने की स्थिति में अतिक्रमणकारियों के ही उसके नीचे दब जाने का भय भी सता रहा है, क्योंकि तब उनके विरुद्ध उनकी लापरवाही के कारण मकान गिरने एवं अतिक्रमणकारियों के जान-माल का नुकसान होने के आरोप में केस भी दर्ज हो जायेगा.












