जमशेदपुर : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने अपने तीन साल पूरे होने पर अपनी रिपोर्ट कार्ड पेश की है. उन्होंने अपनी विकास योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी है. वहीं, विधायक सरयू राय ने कहा है कि वे आने वाले एक साल में तीन एजेंडा पर काम करने वाले है. मालिकाना हक को लेकर आवाज को वे उठाते रहे है और इसका सटीक रास्ता जरूर निकालने की कोशिश करेंगे. मोहरदा जलापूर्ति योजना के तहत घरों तक पानी पहुंचायेंगे. पानी वैसा ही मिलेगा, जैसा जमशेदपुर में मिल रहा है. वहीं, बिजली भी टाटा लीज के बाहर के इलाके में भी पहुंचाकर दम लेंगे. इसके अलावा नाला के बीच विकास का रास्ता निकाला जायेगा ताकि नाला का सही तरीके से ट्रीटमेंट किया जा सके. उन्होंने बताया कि नगर निगम या इंडस्ट्रियल टाउन क्या बनाया जाये, इसको लेकर जरूर काम करेंगे. महानगर बनाने की भी पहल करने की बात उन्होंने कही. (नीचे भी पढ़ें और देखें वीडियो)
टाटा स्टील देगी पानी, बिजली, नया ट्रीटमेंट प्लांट भी बनेगा, गोलमुरी एबीएम कॉलेज टाटा स्टील बनायेगा
विधायक सरयू राय ने कहा कि टाटा स्टील पानी और बिजली देगी. गैर टाटा लीज एरिया और टाटा लीज एरिया में पानी और बिजली पहुंचायी जायेगी. इसके तहत भुइयांडीह ब्राह्मण टोला में पानी की निकासी के लिए नाली को दुरुस्त किया जा रहा है. वहीं, लिट्टी चौक के पास भी पानी का ट्रीटमेंट प्लांट बनया जा रहा है. टाटा स्टील के सहयोग से गोलमुरी एबीएम कॉलेज को नये सिरे से बनाया जायेगा. उन्होंने बताया कि इसके लिए टाटा स्टील के साथ समझौता हो चुका है.
मानगो के फ्लाइओवर का डिजाइन बदलेगा, भुइयांडीह तक जायेगा नया फ्लाइओवर, लिट्टी चौक से एनएच तक पुल बनेगा, जोजोबेड़ा में भी सुविधाएं पहुंचेगी
सरयू राय ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मानगो के फ्लाइओवर का डिजाइन पर उन्होंने पहले आपत्ति जतायी थी. लेकिन अब उनकी आपत्ति सही साबित हुई है. इसके डिजाइन को बदला जा रहा है. उन्होंने कहा कि अब टाटा स्टील यूआइएसएल के ट्रीटमेंट प्लांट के पास मानगो का फ्लाइओवर डाउन होगा और साकची में मिलेगा, जबकि पहले कहीं और था. वहीं, वहां से लेकर भुइयांडीह पार करते हुए एक और फ्लाइओवर बनने वाला है. उन्होंने बताया कि लिट्टी चौक से एनएच तक पुल बनाने की योजना पर भी काम शुरू किया जायेगा. उन्होंने बताया कि गोविंदपुर अन्ना चौक से लेकर पिपला तक जाने के रास्ते का रास्ता भी साफ होगा. इसके बाद ट्राफिक का दबाव शहर में कम हो सकेगा. (नीचे भी पढ़ें)
तीन साल में अपने विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारा
विधायक सरयू राय ने बताया कि 7 जनवरी 2020 के दिन वे विधानसभा में शपथ ग्रहण किया था. तदुपरांत 7 जनवरी 2021 को एक वर्ष का और 7 जनवरी 2022 को दो वर्षों के विधायक के रूप में अपने कार्यों का ब्योरा संवाददाता सम्मेलन के माध्यम से जनता के बीच रखा था. तीन वर्षों का संक्षिप्त लेखा-जोखा रखने के लिए उन्होंने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने बताया कि विगत 3 वर्षों में इस क्षेत्र में विधायक निधि से, नगर विकास विभाग की निधि से और टाटा स्टील की निधि से अनेक काम हुए हैं जिनमें मुख्यतः पानी, बिजली, सडक, सफाई, पार्क आदि के काम शामिल हैं. विगत 3 वर्षों में विधायक निधि से करीब 10 करोड़ रुपये की 156 योजनाएँ लागू हुई हैं, जिनमें से 2022 में करीब 4.50 करोड़ रुपये की 61 योजनाएं लागू हुई हैं. वर्ष 2022 में विधायक निधि से करीब 3.50 करोड़ रुपये की योजनाएं प्रक्रियाधीन हैं, जिनके अगले 31 मार्च 2023 तक पूरा हो जाने की उम्मीद है. इसके अतिरिक्त गत 3 वर्ष की अवधि में नगर विकास विभाग की निधि से करीब 24 करोड़ की 175 योजनाएं लागू हुई हैं जिनमें से 11.60 करोड़ रुपये की योजनाएं वर्ष 2022 में लागू हुई हैं. इसके अतिरिक्त वर्ष 2022 से नगर विकास विभाग की निधि से 8.25 करोड़ रुपये की योजनाएं प्रक्रियाधीन हैं. श्री राय ने कहा कि 2021 में 15वें वित्त आयोग के मद में 15.58 करोड़ रुपये का आवंटन जमशेदपुर पूर्वी के लिए मिला. सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इस मद की योजनाओं पर वर्ष 2022 में कार्य आरम्भ हुआ हो चल रहे हैं. साथ ही वर्ष 2022 में अनाबद्ध निधि से जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र में 62 लाख रुपये की एक योजना पर काम शुरू हुआ है. इसके साथ ही जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा का एक बड़ा हिस्सा टाटा लीज क्षेत्र के अधीन है. इस क्षेत्र में जनसुविधाएं देना कम्पनी का दायित्व है. परंतु हाल तक इस क्षेत्र की बस्तियों में कंपनी की सुविधाएं नहीं के बराबर थीं. इस बीच बस्तियों को कंपनी का पानी और बिजली दिलाने के लिए पहल आरम्भ किया. यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि इस दिशा में काफी प्रगति हुई है. लीज क्षेत्र अथवा लीज क्षेत्र के बाहर की जिन बस्तियों को विगत अनेक वर्षों से कंपनी का पानी, बिजली नहीं मिल सका था, उन्हें कंपनी ने पानी-बिजली देना आरम्भ कर दिया है.












