सरायकेला : जिले के आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत गम्हरिया बाजार के स्थायी दुकानदारों की परेशानी बढ़ सकती है. नगर निगम में इनसे टैक्स वसूली करने की चल रही तैयारियों के कारण ऐसा हो सकता है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि गम्हरिया बाजार की साफ-सफाई एवं रखरखाव का ठेका मेसर्स स्नेहा इंटरप्राइजेज को मिला है. इसके तहत बाजार की शुल्क वसूली का काम भी एजेंसी को ही करना है. बाजार के अस्थायी दुकानदार तो नियमित शुल्क का भुगतान कर रहे हैं, किन्तु स्थायी दुकानदार टैक्स के रूप में तय 1210 रुपये की दर का विरोध कर रहे हैं एवं इसी कारण वे शुल्क का भुगतान भी नहीं कर रहे हैं. अस्थाई दुकानदार नियमित रूप से 10 रुपये रोजाना की दर से अपना टैक्स अदा कर रहे हैं. वहीं स्थायी दुकानदार राजनीति के शिकार हो रहे हैं. दुकानदारों की आड़ में राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे कुछ लोग उन्हें भड़का रहे हैं. बता दें कि विगत 19 नवंबर को आदित्यपुर नगर निगम ने गम्हरिया बाजार के विक्रेताओँ से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए शुल्क वसूली एवं बाजार प्रबंधन की जिम्मेदारी का एहसास कराते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया था. उसके बाद एजेंसी, मेसर्स स्नेहा इंटरप्राइजेज हरकत में आई और सहूलियत के अनुसार दुकानदारों से शुल्क वसूली का काम शुरू किया. किन्तु स्थायी दुकानदारों ने अब तक शुल्क देना शुरू नहीं किया है, जबकि अस्थाई दुकानदार नियमित रूप से शुल्क दे रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि बाजार के सभी स्थायी दुकानदारों की लीज वर्ष 2019 में ही खत्म हो चुकी है. एजेंसी द्वारा उन्हें लीज नवीकरण से संबंधित सूचना दे दी गई है. स्थायी दुकानदार लीज नवीकरण की चिंता छोड़ राजनीति के शिकार हो रहे हैं और आये दिन विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रभाव में आकर बाजार में बैठकें करा रहे हैं. इसको लेकर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार करना शुरू कर दिया है. इतना ही नहीं, अंचल कार्यालय भी इस मामले को लेकर गंभीर है. स्थायी दुकानदार अगर समय रहते अपनी दुकानों का लीज नवीकरण नहीं कराते तो उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. निगम क्षेत्र के अधीन पड़ने वाले गम्हरिया बाजार में निगम द्वारा हर दिन नियमित साफ- सफाई कराई जा रही है, साथ ही टैंकर द्वारा जलापूर्ति भी की जा रही है. वहीं शौचालय के जीर्णोद्धार का काम युद्धस्तर पर चल रहा है. बावजूद इसके स्थायी दुकानदार टैक्स देने से आनाकानी कर रहे हैं.



