जमशेदपुर: जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका पटमदा थाना अंतर्गत लोवाडीह गांव में रविवार दोपहर करीब तीन बजे एक अनियंत्रित कार जनरल स्टोर में घुस गई. हादसे में दुकानदार सुकु महतो और दो बच्चे बाल-बाल बच गए, जबकि दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है. घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार लावजोड़ा हाथीखेदा मंदिर के पास एक बाइक को टक्कर मारने और बाइक सवारों के साथ कथित मारपीट करने के बाद जमशेदपुर की ओर लौट रही थी. इसी दौरान लोवाडीह गांव में कार पहले एक चाय दुकान के बाहर लगे खंभे से टकराई और फिर सीधे एक जनरल स्टोर में घुस गई. बताया जाता है कि कार ने भूला मोड़ के पास भी एक अन्य बाइक को टक्कर मारी थी.(नीचे भी पढ़े)

दुर्घटना में नई नेक्सोन कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. चालक समेत कार में सवार दो लोग घायल हो गए. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार सवारों को बाहर निकालकर उनकी पिटाई कर दी. हालांकि गांव के बुजुर्गों के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित किया गया और घायलों को सुरक्षित स्थान पर बैठाया गया. कार चालक को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया.सूचना मिलने पर पटमदा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों और दुकान मालिक ने नुकसान की भरपाई की मांग करते हुए आरोपितों को तत्काल पुलिस के हवाले करने का विरोध किया. इस दौरान सहायक अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार के साथ कुछ लोगों ने धक्का-मुक्की भी की. बाद में पटमदा थाना प्रभारी विष्णुचरण भोगता ने पीड़ित पक्ष को उचित कार्रवाई और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ. (नीचे भी पढ़े)

पुलिस ने परसुडीह के प्रमथनगर निवासी अरूप भंडारी और उसके साथी सुमित सिंह को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज जारी है.स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान और अन्य संपत्तियों को मिलाकर 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. वहीं मानगो निवासी गोविंद सिंह और अरुण कुमार ने आरोप लगाया है कि बाइक को टक्कर मारने के बाद कार सवारों ने उनके साथ मारपीट भी की. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.







