आदित्यपुर : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अभी शनिवार को ही वर्ष 2024 के चुनावों को लेकर चाईबासा से शंखनाद की शुरुआत कर के गये हैं. उसके 24 घंटे भी नहीं बीते कि क्षेत्र में भाजपा का अंदरूनी कलह सामने आना शुरू हो गया है. गृहमंत्री के चाईबासा दौरे के बाद भाजपाई दावा कर रहे थे गृहमंत्री पार्टी जन को मिशन 2024 का मंत्र देकर गये हैं. लेकिन लगता है कि पार्टी के कतिपय नेताओं पर उसका उल्टा असर दिखने लगा है. आदित्यपुर मंडल भाजपा के महामंत्री सह मन की बात के संयोजक विजय सोनार के अपने दोनों पदों से इस्तीफा देने की खबरें आने लगी हैं. इस संबंध में विजय सोनार का एक व्हाट्स एप मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने अपने पार्टी पद से इस्तीफे की घोषणा की है. उन्होंने मैसेज में लिखा है, “मैं विजय सोनार, आदित्यपुर मंडल महामंत्री के पद से इस्तीफा दे रहा हूं और मन की बात के संयोजक पद से भी इस्तीफा दे रहा हूं. हमको कृपया फोन ना करने का कष्ट करें. इसके लिए धन्यवाद”. (नीचे भी पढ़ें)

हालांकि इस संबंध में विजय सोनार से संपर्क कर इसकी पुष्टि कराने की कोशिश करने पर सीधी-सीधे कुछ बताने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि यह मेरा व्यक्तिगत निर्णय है, एक-दो दिन में स्थिति स्पष्ट करूंगा. अब सवाल उठता है कि आखिर क्या वजह रही कि विजय सोनार जैसे तेज तर्रार नेता को यह फैसला लेना पड़ा! अगर अंदर खाने से आ रही खबरों की मानें तो गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर पार्टी के बड़े नेताओं के साथ उनका कुछ झोलझाल हुआ, जिसके कारण ही कुछ कार्यकर्ताओं में नाराजगी है. बहरहाल जब चिंगारी भड़की है तो धुंआ भी उठेगा ही. अब देखना दिलचस्प होगा कि धुएं का असर कहां तक होता है.



