जमशेदपुर : सहारा इंडिया के जमशेदपुर एवं टाटानगर रीजन के तमाम कार्यालयों एवं फ्रेंचाइजी प्रमुखों ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात की. सहारा सेबी विवाद को लेकर संकट के दौर से गुजर रहे इन लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास को अपनी परेशानियों से अवगत कराया. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि सहारा व सेबी के बीच चल रहे विवादों के कारण सहारा के पूरे देश सहित जमशेदपुर व टाटानगर रीजन के तमाम कार्यालय एवं फ्रेंचाइजी इन दिनों संकट के दौर से गुजर रहे हैं. इनके माध्यम से अपनी गाढ़ी कमाई के पैसे निवेश करनेवालों के पैसों का भुगतान नहीं हो पा रहा है. इन कार्यालयों के प्रमुखो ने सोमवार को रघुवर दास से मुलाकात कर उन्हें नये साल की बधाई देते हुए वर्तमान में सहारा-सेबी विवाद के कारण पेश आ रही परेशानियों से अवगत कराया. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सहारा समूह के अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को उनकी समस्याओं से गृह मंत्री अमित शाह को अवगत कराते हुए उनके जल्द से जल्द समाधान की कोशिश करने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर जमशेदपुर एवं टाटानगर के रीजनल मैनेजर, वर्कर जूनियर प्रोग्रामर, फ्रेंचाइजी मैनेजर सहित फील्ड के कई वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे.




