धनबाद : झारखंड मजदूर संघ, कुंती गुट की स्थानीय गोलकडीह शाखा के सचिव दिनेश सिंह के बड़े पुत्र अविनाश सिंह उर्फ सोनू को रविवार देर रात गोली मार दी गयी. तीन स्कॉर्पियो पर आये अपराधियों ने सोनू को तिसरा थाना मोड़ के पास उस समय घेर कर गोली मार दी, जब वह गोलकडीह लोडिंग प्वाइंट से जयरामपुर मोड़ की ओर जा रहा था. घटना की सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को सोनू को देखने भजपा नेता रागिनी सिंह भी दुर्गापुर पहुंचीं. (नीचे भी पढ़ें)
घायल सोनू के भाई मोनू ने बताया कि घटना के समय सोनू गोलकडीह लोडिंग प्वाइंट से स्कॉर्पियो से झरिया बलियापुर मुख्य मार्ग से जयरामपुर मोड़ की ओर जा रहा था तभी तिसरा थाना मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही तीन स्कॉर्पियो ने उसके वाहन को घेर लिया. फिर पूर्व उप मेयर एकलव्य सिंह ने सोनू पर सामने से गोली चला दी, जिससे गाड़ी में आगे बैठा सोनू बुरी तरह जख्मी हो गया. सोनू को हाथ एवं चेहरे में गोली लगी है. सोनू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दुर्गापुर मिशन अस्पताल रेफर किया गया है. सोनू के चाचा जितेंद्र सिंह ने कहा कि उनकी यूनियन की मजबूती से एकलव्य सिंह घबरा गया है. मजदूर इसके पास से छिटकते जा रहे हैं. उनके आदमी क्षेत्र में रंगदारी वसूली में लगे हुए हैं, जिसका सोनू हमेशा विरोध करता था. इसी के कारण उस पर हमला किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
वैसे सोनू पर हुए हमले को लेकर कई बातें सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि कोयले के अवैध धंधे को लेकर सोनू पर हमला हुआ है. यह भी बताया जा रहा है कि सोनू एक आउटसोर्सिंग कंपनी का समर्थक है एवं कंपनी के लोग ही आउटसोर्स परियोजना एवं लोडिंग प्वाइंट से कोयला निकाल कर बाहर भेजते हैं. सोनू पर इसी कारण से हमला हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
उधर बताया जा रहा है कि घटना के समय सोनू जिस स्कॉर्पियोपर सवार था वह धनबाद के राजीव सिंह की थी. तिसरा थाना प्रभारी अभिजीत कुमार ने बताया कि घटना के बाद वह घटनास्थल पर गए थे, लेकिन वहां कोई नहीं मिला. दूसरी तरफ बताया गया कि सोनू के परिजन उसे उसी स्कॉर्पियो से इलाज के लिए धनबाद अस्पताल ले गये, लेकिन अब वह गाड़ी वहां से गायब हो गयी है. स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले दो दिनों से परियोजना के आसपास संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ियां घूम रही थीं. रविवार शाम को भी दो गाड़ियां वहां घूम रही थीं. इससे स्पष्ट है कि सोनू की पिछले कुछ दिनों से रेकी की जा रही थी.


