घाटशिला: कोल्हान डीआईजी अजय लिंडा ने सोमवार को घाटशिला एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान लगभग 2 घंटे तक विभिन्न पंजियों का अवलोकन करते हुए संधारण आदि की जांच की. इसके उपरांत डीआईजी ने बताया कि निरीक्षण काफी संतोषजनक रहा है, कुछ त्रुटियां पाई गई, जिसे जल्द से जल्द सुधार करने का निर्देश एसडीपीओ कुलदीप टोप्पो को दिया. निरीक्षण के पूर्व गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी लेने के बाद उन्होंने जवानों की वर्दी, जूता, परेड एवं अन्य बिंदुओं के बारीकी से जांच की. वर्दी में कुछ खामियां मिलने पर फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि वर्दी का जो भी पैसा मिलता है उससे नई वर्दी क्यों नहीं लेते. हर साल वर्दी का पैसा मिलता है इससे नई वर्दी ले अन्यथा वर्दी के फंड पर पूरी तरह से रोक लगा दिया जाएगा.(नीचे भी पढ़े)

विभिन्न थाना प्रभारी इंस्पेक्टर को भी वर्दी को लेकर कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि निरीक्षण का मतलब यही होता है अनुशासन में रहना. डीआईजी ने पत्रकारों को बताया कि यह एक रूटीन विजिट है. वार्षिक निरीक्षण प्रशासनिक दृष्टिकोण से अति महत्वपूर्ण होता है. उन्होंने कहा कि अपराधी गतिविधि, डकैती, चोरी, संधारण आदि संतोषजनक पाया गया है. क्षेत्र में हुई डकैती चोरी एवं नशाखोरी को लेकर पुलिस और आबकारी विभाग संयुक्त रूप से छापेमारी कर रही है जो आगे भी जारी रहेगा. निरीक्षण के दौरान सीनियर एसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी मुकेश कुमार लुनायत, समेत विभिन्न थाना के थाना प्रभारी एवं तीनों सर्किल इंस्पेक्टर उपस्थित थे.(नीचे भी पढ़े)
दंपति ने पुलिस पर लगाया आरोप, डीआईजी ने दिया जांच का निर्देश

घाटशिला थाना क्षेत्र के बनकाटी गांव के रहने वाले दंपति ने सोमवार को एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे कोल्हान डीआईजी अजय लिंडा से मुलाकात कर पुलिस की शिकायत की है. पति मनोरंजन महाकुड़ और पत्नी ममता महाकुड़ ने डीआईजी को बताया कि कुछ दिन पूर्व उनके घर में छापामारी करने गए पुलिस जवानों ने उनके पास मौजूद 2.70 लख रुपए जबरन छीन लिया था. काफी प्रयास के बाद भी आज तक वह पैसे उन्हें नहीं मिला है. इस पर डीआईजी ने दंपति को आश्वस्त किया कि इस मामले की जांच के लिए सीनियर एसपी प्रभात कुमार और ग्रामीण एसपी मुकेश लुनायत को निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि अगर आरोप सही पाया जाता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी. मंगलवार को ग्रामीण एसपी अपने कार्यालय में पीड़ित परिवार से अलग-अलग पूछताछ कर मामले की जानकारी लेंगे.



