गालूडीह: बच्चों के लिए विद्यालय का माहौल रुचिकर बनाए रखने हेतु शिक्षक लगातार तरह तरह के प्रयास करते रहते है. बच्चों में आउटडोर खेलों के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से उत्क्रमित मध्य विद्यालय धातकीडीह में सोमवार को नववर्ष के आगमन पर वनभोज सह वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया. सुबह की मीठी धूप निकलते ही विद्यालय के बच्चे, शिक्षक, विद्यालय प्रबंधन समिति और माता समिति के सदस्य एवं अतिथि धातकीडीह मध्य विद्यालय परिसर में एकत्रित हुए. दिन भर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई. बच्चों ने खेल कार्यक्रमों की तैयारियों का जिम्मा संभाला, वही बड़ों ने वनभोज की तैयारियों का. सुबह के नाश्ते के बाद सभी विद्यालय के मैदान में जुटे, वहां बालक बालिका समानता के संदेश पर आधारित मिक्स जेंडर क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया. जिसमे प्रत्येक मिश्रित टीम में लड़के लड़कियां समेत बड़े भी शामिल थे.(नीचे भी पढ़े)

विद्यालय में अध्ययन कर रही सुकुरमनी व अवंतिका के कप्तानी में सुकुरमनी एकादश बनाम अवंतिका एकादश के बीच मैच खेला गया. जिसमें अवंतिका एकादश ने सुकुरमनी एकादश को 7 विकेट से हराकर मिक्स जेंडर कप जीत लिया. खेल कार्यक्रमों के दूसरे चरण में विद्यालय परिसर में म्यूजिकल चेयर, बिस्कुट रेस, हांडी फोड, बैलून रेस, सूई धागा, गोली चम्मच रेस, चॉकलेट रेस, मोमबत्ती जलाओ खेल आयोजित किए गए, जिसमे बच्चों के साथ उनकी माताओं ने भी बढ़ चढ़कर अपनी भागीदारी निभाई. खेलों के माध्यम से समुदाय को संदेश दिया गया कि केवल बच्चें ही नहीं, बल्कि हर उम्र के व्यक्ति खेल के मैदान पर सक्रिय रह सकते है, इसके अनगिनत फायदे है. कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न खेलों के विजेता एवम उपविजेता बच्चे आरती हांसदा, छोटी हेंब्रम, सारा अहमद, मनीषा पातर, सुकुरमनी सिंह, शेफाली मुंडा, स्वाति हांसदा को पुरस्कृत किया गया. वहीं हांडी फोड प्रतियोगिता व म्यूजिकल चेयर में विजेता महिलाएं सोनोका पातर व चंपा माझी को भी सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम का समापन वनभोज के साथ हुआ, जिसमे बच्चों व ग्रामीणों को पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन परोसे गए. कार्यक्रम के दौरान बच्चों के उत्साह का आलम यह रहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के साथ साथ भूतपूर्व छात्र छात्रा भी कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान कई बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी. पूरे दिन बच्चों द्वारा भरपूर आनंद उठाया गया. कार्यक्रम के आयोजन में विद्यालय के प्रधानाध्यापक साजिद अहमद, निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार, शिक्षक शिक्षिका, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यगण तथा बाल संसद के सदस्यों का महत्पूर्ण योगदान रहा. कार्यक्रम के दौरान जमशेदपुर के सॉफ्टवेयर इंजीनियर अंकित अग्रवाल, अनीता अग्रवाल, तेज कुमार, विधि एवम अन्य बतौर अतिथि उपस्थित हुए. अतिथियों ने विद्यालय के बच्चों की प्रतिभा की भूरी भूरी प्रशंसा की और अंत मे बच्चों एवं बड़ो द्वारा सामुहिक नृत्य कर वनभोज सह वार्षिकोत्सव का समापन किया गया.



