जमशेदपुर : बिष्टुपुर धर्म सास्था मंदिर में चल रहे 75वें सास्था प्रीति महोत्सव के तहत शुक्रवार को शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया. बाहर से आये पुरोहितों के मार्गदर्शन में आयोजित यज्ञानुष्ठान में आज मंदिर माता चंडी की आराधना के मंत्रों से गूंजता रहा. (नीचे भी पढ़ें)
शुक्रवार को यज्ञानुष्ठान की शुरुआत महा गणपति होमम के साथ हुई, जिसके बाद शतचंडी महायज्ञ के लिए कलश स्थापना की गयी. पुरोहितों ने देवी महत्व का पारायण किया, जिसमें यज्ञानुष्ठान में उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी हिस्सा लिया. बाद में मंदिर कमेटी के चेयरमैन पीएन शंकरन ने ब्रह्मर्षि विजयभानु गणपतिगल सहस्रनाम अर्चना संपन्न कराई. अंत में महा दीपाराधना के बाद वहां उपस्थित सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
संध्या समय भगवती सेवा का आयोजन किया गया, जिसमें श्री दुर्गा, श्री लक्ष्मी एवं श्री सरस्वती की आराधना की गयी. इसके बाद मुंबई से पधारे सुब्रमण्य शास्त्रीगल ने श्री ललिता सहस्रनाम अर्चना की जिसमें वहां उपस्थित महिलाओं ने भी श्री ललिता सहस्रनाम का पारायण किया. अंत में महा आरती के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया.




