जमशेदपुर : टीएमएच ने शहरवासियों के स्वास्थ्य एवं उनमें पनप रही लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों की शुरुआत में ही पहचान को बढ़ावा देने के लिए वेलनेस हेल्थ चेकअप सेंटर की सेवा प्रारंभ की है. इसके तहत टाटा स्टील के कर्मचारियों के साथ ही अब आम नागरिक भी इसका लाभ उठा सकेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

जमशेदपुर के सोनारी स्थित टीएमएच हेल्थ चेकअप सेंटर (पुराना आरोग्य भवन) में विगत 27 जनवरी से आरंभ इस नयी सुविधा के तहत लाइफ स्टाइल से संबंधित बीमारियों के एक स्थान पर जांच के साथ ही उसमें आये नतीजों के आधार पर लोगों को आवश्यक सलाह भी मुहैया कराई जायेगी. आम नागरिकों को इसके लिए विहित प्रक्रिया अपनाते हुए स्लॉट की प्री बुकिंग करानी होगी. टीएमएच के जीएम डॉ सुधीर राय एवं टीएमएच एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के हेड डॉ देव संजय नाग ने शनिवार को आयोजित मीडिय़ा इंटरैक्शन में उक्त जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ सुधीर राय ने बताया कि हाल के वर्षों में लाइफ स्टाइल से संबंधित बीमारियों के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों के लिए वेलनेस हेल्थ चेकअप आरंभ की थी. इसकी उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए उसकी सेवाएं अब आम नागरिकों को भी मुहैया कराने की पहल की गई है. इसके लिए इच्छुक व्यक्ति को स्ल़ॉट पद्धति से दो दिन पूर्व ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी. वेलनेस हेल्थ चेकअप के नाम से आरंभ यह सुविधा पुरुष एवं महिलाओं के लिए दो अलग श्रेणियों में कुल छह पैकेजों में शुरू हुई है, जिनके लिए इच्छुक नागरिकों को ऑनलाइन अलग-अलग शुल्क अदा करना होगा. पुरुषों के लिए वेलनेस मेन गोल्ड पैकेज के लिए 3500 रुपये शुल्क देने होंगे, जबकि वेलनेस वीमेन पैकेज में 40 वर्ष आयु तक की महिलाओं के लिए 4000 रुपये देने होंगे. वहीं 40 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए वेलनेस वीमेन प्लैटिनम पैकेज लांच की गयी है, जिसके लिए 4500 रुपये शुल्क देय होंगे. इन तीनों पैकेजों की प्लस श्रेणी भी लांच की गयी है, जिसमें मरीजों को अतिरिक्त सुविधाओं के साथ 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि इन पैकेजों में लाइफ स्टाइल से संबंधित ओबेसिटी, डायबीटिज, हार्ट डिजीजेज सहित कई गंभीर बीमारियों की जांच भी शामिल की गयी है, जिनकी शुरुआत में पहचान हो जाने से उनका इलाज भी आसान हो जाता है. उन्होंने बताया कि इन पैकेजों के तहत एक ही स्थान पर जांच के साथ ही मरीजों को उचित सलाह भी डॉ उपलब्ध हो जायेगी. उन्होंने बताया कि इन पैकेजों के तहत हर तरह की जांच अत्याधुनिक मशीनों से एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार संपन्न की जायेगी एवं उससे प्राप्त डाटा को सुरक्षित रखा जायेगा, ताकि इलाज की जरूरत पड़ने पर वे उन्हें आसानी से उपलब्ध हो सकें. यही नहीं उन जांचों के आधार पर संबंधित विषय के विशेषज्ञ फिजीशियन, सर्जन, ऑफ्थॉल्मोलॉजिसट, ईएनटी, गायनिक (महिलाओं के लिए) विशेषज्ञों की सलाह मुहैया करायी जायेगी.(नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि इन सभी पैकेजों में 15 से 17 टेस्ट शामिल किये गये हैं, जिनमें कंप्लीट ब्लड पिक्चर, फास्टिंग ब्लड ग्लूकोज, लिपिड प्रोफाइल, सीरम क्रेटिनाइन, सीरम यूरिक एसिड, यूरीन रूटीन एंड डिपोजिट्स, ईसीजी, चेस्ट एक्सरे, स्पाइरोमीट्री, स्टूल फॉर रेक्टम ब्लड, फिजीशियन कन्सल्टेशन के अलावा महिलाओं के लिए गायनिक बीमारियों से संबंधित जांच भी शामिल किये गये हैं.




