रामगोपाल जेना/चाईबासा : चाईबासा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत टोन्टो प्रखंड कार्यालय का कैंप कार्यालय अब सप्ताह में दो दिन पालीसाई में चलेगा. चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि विगत 24 जनवरी को चाईबासा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की समीक्षा बैठक में उन्होंने टोंटो के ग्रामीणों की समस्या रखते हुए टोंटो प्रखंड कार्यालय को सप्ताह में दो दिन पालीसाई में कैंप कार्यालय बना कर शुरू कराने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया था. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि टोंटो का वर्तमान प्रखंड सह अंचल कार्यालय लिसिया गांव में अवस्थित है. प्रखंड मुख्यालय से टोंटो प्रखंड की तीन पंचायतें बुंडुबंकी, रेंगड़ाहातु और टोंटो लगभग 60-70 किमी दूर हैं. ये तीनों पंचायतें भौगोलिक दृष्टि से अलग-थलग हैं और नक्सल प्रभावित क्षेत्र हैं. ऐसे में उक्त क्षेत्र के बुजुर्ग, असहाय लोगों को पेंशन व अन्य जरूरी काम के लिए 60-70 किमी दूर आने जाने में काफी दिक्कत होती है. वहां तक आवागमन की भी समुचित व्यवस्था नहीं हो पाती है. विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि जनहित में टोन्टो प्रखंड का अस्थायी कैंप कार्यालय अब पालीसाई में सप्ताह में दो दिन, सोमवार और शनिवार को चलेगा. इसके अलावा गुदड़ी प्रखंड का अस्थायी कैंप कार्यालय लोढ़ाई में और बंदगांव प्रखंड का अस्थायी कैंप कार्यालय कराइकेला में सप्ताह में एक दिन शुक्रवार को संचालित होगा. विधायक दीपक बिरुवा ने इसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का जन समस्याओं को लेकर जनहित में सराहनीय एवं ऐतिहासिक निर्णय बताया है.




