चाकुलिया : पश्चिम बंगाल के खेमाशुली में कुड़मी जनजाति को एसटी में शामिल करने और कुड़मी भाषा को संविधान की आठवीं सूची में शामिल करने की मांग को लेकर शनिवार को चौथे दिन रेलवे चक्का और पांचवे दिन हाईवे 49 जाम है. बंगाल, ओडिशा और झारखंड के हजारों कुड़मियों का जुटान हुआ है. दिन प्रतिदिन आंदोलन स्थल पर कुड़मी समाज के आंदोलनकारी महिला और पुरुषों की संख्या बढ़ती जा रही है. आंदोलनकारी हटने के मूड में नहीं है. मनोरंजन और भोजन पानी के साथ आंदोलन चल रहा है. लोग डीजे पर झूमर गीत बजाकर नृत्य कर मनोरंजन कर रहे हैं और पारंपरिक हथियारों से लैस हजारों लोग नाच रहे हैं. खासकर शाम को हजारों लोगों का महा जुटान हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
ज्ञात हो कि पश्चिम बंगाल कुड़मी समाज द्वारा विगत 4 अप्रैल से हाईवे को जाम रखा गया है. हाईवे जाम आंदोलन का नेतृत्व राजेश महतो कर रहे हैं. वही आदिवासी कुड़मी समाज द्वारा 5 अप्रैल से रेलवे ट्रैक को जाम रखा गया है. रेलवे चक्काजाम आंदोलन का नेतृत्व कमलेश महतो कर रहे हैं. शनिवार को भी भारी संख्या में आंदोलनकारी डटे हुए हैं. आंदोलनकारी आंदोलन स्थल पर नाच कर रहे हैं. रेल का परिचालन बंद है. वही हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है. हाईवे पर यात्री वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद है, इससे आम यात्री परेशान हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जाम में फंसे वाहन चालक परेशान हैं. रेल बंद होने के कारण इस मार्ग के सभी रेलवे स्टेशनों पर सन्नाटा पसरा हुआ है. केंद्र सरकार या राज्य सरकार द्वारा रेल चक्का और हाईवे जाम हटाने के लिए अभी तक कोई पहल नहीं हुई है. आदिवासी समाज के मूल अजीत प्रसाद महतो ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाएगी तब तक आंदोलन करने के लिए कुड़मी समाज तैयार है. इस बार समाज के लोग आर पार की लड़ाई के मूड में है.












