जमशेदपुर : बागबेड़ा महानगर विकास समिति के एक दल ने रविवार को अध्यक्ष सुबोध झा के नेतृत्व में बागबेड़ा बड़ौदा घाट के पास निर्माणाधीन पायों का निरीक्षण किया. ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत बनाये जा रहे इन पायों का काम कई वर्षों से ठप है, जबकि कुल 22 पायों में से अब तक निर्मित 14 पायों में से एक पाया नदी में गिर भी चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि बागबेड़ा क्षेत्र में जलापूर्ति के उद्देश्य से उक्त योजना की शुरुआत हुई थी किन्तु अज्ञात कारणों से उक्त योजना बीच में ही रुक गयी एवं योजना की राशि पानी में चली गयी और क्षेत्र की जनता आज भी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है. समिति के अध्यक्ष सुबोध झा ने बताया कि राज्य सरकार ने उक्त परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए पुनः 50 करोड़ 58 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है. (नीचे भी पढ़ें)
बागबेड़ा महानगर विकास समिति दोबारा स्वीकृत 50 करोड़ 58 लाख रुपयों की एकबार फिर बंदरबांट होने से रोकने के उद्देश्य से पुनः सक्रिय हुई है. समिति के सदस्यों ने बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के बचे कार्य की निगरानी शुरू की है, ताकि परियोजना को समय से धरातल पर उतारा जा सके. आज निरीक्षण के दौरान सुबोध झा के साथ समिति के रितु सिंह, विनय सिंह, कृष्णा चन्द्र पात्रो आदि भी शामिल थे.











