जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की टीम ने शनिवार को क्षेत्र में अतिक्रमण एवं प्लास्टिक के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया. इसके साथ ही कई दुकानों में ट्रेड लाइसेस की जांच भी की गयी एवं ट्रेड लाइसेंस नहीं पाये जाने पर दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया. नगर निगम की टीम ने क्षेत्र में सड़क किनारे बिल्डिंग मटीरियल, बालू, ईट आदि रखने वालों से जुर्माना वसूलते हुए दुकानदारों से उनके सामानों को अंदर कराया. इस दौरान लोगों को बिल्डिंग मटीरियल को सड़क किनारे रोड पर नहीं रखने की चेतावनी दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
मानगो नगर निगम के कई क्षेत्रों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध छापामारी अभियान चलाया गया. इस दौरान विभिन्न दुकानों से 5 किलो प्लास्टिक जब्त किया गया तथा प्लास्टिक रखने वाले पथ विक्रेताओं एवं ट्रेड लाइसेंस नहीं रखने वाले दुकानदारों, प्रतिष्ठान मालिकों से ₹19000 रुपये जुर्माना के रूप मे वसूल किये गये. साथ ही प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने एवं प्लास्टिक के सामान पर सामान नहीं देने की चेतावनी दी गई. मानगो नगर निगम द्वारा तमाम थोक एवं खुदरा विक्रेताओं को अपील किया जाता है कि प्लास्टिक का उपयोग ना करें.(नीचे भी पढ़ें)
विदित हो कि इस संदर्भ में विगत आठ महीनों से लगातार माइकिंग के साथ ही प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए नगर निगम अधिकारियों द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है. इसके बावजूद दुकानों से लगातार प्लास्टिक पाया जा रहा है एवं कई दुकानदारों से जुर्माना वसूला जा रहा है.(नीचे भी पढ़ें)
कार्यपालक पदाधिकारी ने इस निर्देश दिया है कि यदि किसी भी दुकान में या पथ विक्रेता के पास प्लास्टिक पाया जाता है तो उसका वेंडर लाइसेंस एवं ट्रेड लाइसेंस रद्द कर दिया जायेगा. मौके पर नोडल पदाधिकारी, नगर प्रबंधक राहुल कुमार, निशांत कुमार, दिनेश्वर यादव , निर्मल कुमार कार्यालय कर्मी आदि उपस्थित थे.



