गालूडीह : गालूडीह की बड़ाखुर्शी पंचायत अंतर्गत पैरागुड़ी गांव के बिरिगोड़ा आंगनबाड़ी केंद्र में लगा चापाकल महीनों से खराब रहने के कारण केंद्र के बच्चों एवं सेविका को भारी परेशानी हो रही है. चापाकल खराब रहने से वहां पढ़ने आने वाले छोटे बच्चों को पीने के पानी, जबकि केंद्र की सेविका को बच्चों का पोषाहार बनाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
सरकार की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र में चापाकल तो लगा दिया गया, लेकिन खराब होने पर उसकी मरम्मत की कोई व्यवस्था नहीं की गयी है. सरकार द्वारा इसका प्रावधान नहीं किये जाने के कारण क्षेत्र के अधिकांश चापाकल खराब हो गए हैं. इन दिनों प्रचंड गर्मी में चापाकल खराब रहने से पेयजल की विकट समस्या उत्पन्न हो गई है. केंद्र की सेविका शोभारानी महतो ने बताया कि चापाकल खराब रहने से बहुत समस्या हो रही है. बच्चों के पीने एवं पोषाहार बनाने के लिए दूर से पानी लाना पड़ता है. सेविका ने पानी की विकट समस्या को देखते हुए विभाग से चापाकल की मरम्मत कराने की मांग की है.














