सिद्धार्थ आनंद / घाटशिला : घाटशिला और आसपास के इलाके में बिजली कटौती की अब कोई समय सीमा नही रही. इन दिनों दिन हो या रात कभी भी बिजली लंबे समय तक टिक नहीं पाती है. 41 डिग्री से भी अधिक तापमान वाली इस गर्मी में बिजली नहीं मिलने से उपभोक्ता आक्रोशित हो गए है. ज्ञात हो कि बिजली विभाग द्वारा क्षेत्र में बेहतर बिजली देने के लिए लगभग 3 महीने पूर्व आमाईनगर बिजली सब स्टेशन का शुभारंभ हुआ था . इससे क्षेत्र के लोगों को उम्मीद जगी थी कि बिजली कटौती नहीं होगी. परंतु डीवीसी पर निर्भरता रहने के कारण स्थिति जस की तस बनी है. उमस गर्मी में खास कर मरीजों, बुजुर्गो एवं छोटे बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.




