रांची : खूंटी पुलिस ने 19 मई को तोरपा थाना अन्तर्गत के कोटेंगसेरा गांव के जेसीबी में आगजनी करने वाले चार पीएलएफआई नक्सलियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. चारों गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान प्रशांत कुमार उर्फ डब्बू, बाहन गोप उर्फ नन्द कुमार महतो, नितेश गोप और मिथिलेश गोप के रुप में हुई हैं. इनके पास से 1.765 एमएम का एक पिस्टल, 315 बोर का एक देशी कट्टा, 7.65 एमएम का तीन जिंदा कारतूस, 315 बोर का जिंदा कारतूस, 5.56 एमएम का आठ जिंदा कारतूस, 4 मोबाइल फोन, पीएलएफआई का परचा और कार बरामद किया है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार जरियागढ़ थाना अंतर्गत रेगडे जंगल में पीएलएफआई के नक्सली एकत्रित हुए थे और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे. मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके में छापेमारी की. जिसमें इन चारों को गिरफ्तार किया गया, वहीं अन्य नक्सली भागने में कामयाब रहें. इस संबंध में एसपी अमन कुमार ने बताया कि पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप ने नक्सली प्रशांत कुमार उर्फ डब्बू को एरिया कमांडर नियुक्त किया था और लेवी वसूलने और संगठन को आगे बढ़ाने का काम सौंपा था. प्रशांत की गिरफ्तारी से पीएलएफआई को काफी नुकसान होगा.




