सरायकेला : सरायकेला जिले के सुवर्णरेखा परियोजना के तहत चांडिल डैम के विस्थापितों के लिए विशेष तौर पर आवंटित पुनर्वास स्थल की जमीनों पर अब माफियों की ललचाई नजर गड़ चुकी है. भू माफिया पुनर्वास की जमीनों को अच्छी-खासी कीमत पर बेचकर मालामाल हो रहे हैं. वहीं, दूसरी ओर सुवर्णरेखा बहूद्देश्यीय परियोजना के अधिकारी कुंभकर्णी निद्रा में लीन हैं. विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किये जाने से माफियों के हौसले और बुलंद हो गये हैं. (नीचे भी पढ़ें)

दरअरसल, सुवर्णरेखा बहूद्देश्यीय परियोजना के तहत चांडिल डैम के विस्थापितों के लिए चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर पुनर्वास स्थल के रूप में भूमि का आवंटन किया गया है. जहां केवल विस्थापितों को ही जमीन उपलब्ध कराने का प्रावधान है. परियोजना द्वारा जिन विस्थापित परिवारों को विकास पुस्तिका निर्गत की गई है, उन्हें ही पुनर्वास के लिए निर्धारित जमीन दी जाती है. लेकिन यहां एक पुनर्वास स्थल ऐसा भी है जहां की जमीनों पर धड़ल्ले से अवैध कब्जा किया जा रहा है. जबकि, पुनर्वास नीति से स्पष्ट है कि पुनर्वास की जमीन की खरीद-बिक्री गैर कानूनी है. जमीन खरीद बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने का प्रावधान भी है, मगर चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगू पुनर्वास कॉलोनी में इन दिनों जमीनों की अवैध रूप से खरीद-बिक्री धड़ल्ले हो रही है. जमीन माफियों द्वारा विस्थापितों के श्मशान घाट की जमीन को भी बेचकर उस पर घर बनवाये जा रहे हैं. बताया जाता है कि 3 से 4 लाख रुपये में 12 से 15 डिसमिल जमीन बेची जा रही है.(नीचे भी पढ़ें)
हाल ही में 15-16 लोगों को जमीन बेची गयी है. चिलगू पुनर्वास कॉलोनी के ग्रामीणों ने इस संबंध में पूछने पर बताया कि प्रभावशाली लोगों द्वारा आये दिन पुनर्वास की जमीन को गैर विस्थापित लोगों को बेची जाती है. यही नहीं, विरोध करने पर ऐसे लोग जान से मारने तथा गांव से भागने की धमकी भी देते हैं, जिससे ग्रामीण उन माफियों का विरोध करने या लिखित शिकायत करने से डरते हैं. ग्रामीणों ने बताया कि चिलगू निवासी हेमंत गोप उर्फ गाडू गोप, नेपाल गोप, सीता गोप जैसे लोग टीम बनाकर पुनर्वास कॉलोनी की जमीन अवैध रूप से बेच रहे हैं. इन लोगों ने हाल ही श्मशान के बगल में दो लोगों को जमीन बेची है. इस मामले में सुवर्णरेखा बहूद्देश्यीय परियोजना के अधिकारी भी मौन साधे हुए हैं जिन्हें पुनर्वास की जमीन के संरक्षण की जिम्मेवारी सौंपी गई है.












