धनबाद : धनबाद के झरिया स्थित भौरा नामक जगह पर अहले सुबह खदान धंसने से तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं 14-15 लोगों के घायल होने की सूचना है. मरने वालों में एक 25 वर्षीय युवक, एक महिला और एक बच्ची शामिल है. झरिया में बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) की कोयला खदान से डेढ़ दर्जन लोग चोरी छिपे कोयला निकाल रहे थे, तभी यह दर्दनाक घटना घटी. खदान में देवप्रभा नामक आउटसोर्सिंग कंपनी काम करवाती है. मिली जानकारी के अनुसार हर रोज यहां चोरी से कोयले का खनन किया जाता है. आज सुबह भी कुछ लोग कोयला निकाल रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान खदान की चाल (छत) धंस गई. स्थानीय लोगों ने आठ दस लोगों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गए. जहां उनका इलाज चल रहा है. हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों और अन्य मजदूरों ने मुआवजे की मांग की और बीसीसीएल भौरा एरिया ऑफिस के सामने शव रखकर गेट जाम कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर जोड़ापोखर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. इंस्पेक्टर विनोद उरांव का कहना है कि अवैध खनन में कई लोगों के दबे होने की सूचना मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




