चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की बड़ामारा पंचायत के गांवों में जंगली हाथियों का उत्पात काफी बढ़ गया है. हवाई पट्टी से सटे और जंगलों से घिरे इस पंचायत के पूर्णापानी गांव में बीती रात सात जंगली हाथी घुस आए. हाथियों ने पूर्णापानी प्राथमिक विद्यालय भवन के रसोईघर के गेट को क्षतिग्रस्त कर दिया और प्लास्टिक के ड्रम में रखें 2 क्विंटल मिड डे मील का चावल खा गए. हाथियों के डर से विद्यालय में बच्चों की संख्या काफी घट गई है. ग्रामीण दहशत के साए में जी रहे हैं. विद्यालय के प्रधानाध्यापक हराधन बेरा ने बताया कि हाथियों के डर से आज डड़ियाडीह टोला के 16 बच्चें विद्यालय नहीं आए हैं. हाथियों के कारण अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय भेजने से कतरा रहे हैं. . (नीचे भी पढ़ें)

हाथी ने कई घरों को तोड़ा, कई बाल बाल बचे- हाथियों ने विद्यालय के पास स्थित सुकुरमनी हांसदा के घर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. परिवार के सदस्यों ने भाग कर अपनी जान बचाई. गड़ियाडीह टोला में भी हाथियों ने करण मुर्मू और सुकलाल मुर्मू के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया है. करण मुर्मू के घर में हाथियों द्वारा दीवार ध्वस्त किए जाने के कारण एक बच्चा बाल-बाल बच गया. ग्रामीणों के मुताबिक आसपास के जंगल में 20 से 25 हाथी शरणागत हैं. हाथियों के रहने से शाम ढलते ही ग्रामीण हाथियों के भय से अपने अपने घरों में दुबक जा रहें हैं. ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें अब घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है. हाथियों के दहशत के कारण रातभर ग्रामीण रात जगा कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

हाथियों ने दिघी गांव निवासी देवीलाल सोरेन के घर की चहारदीवारी को तोड़. बीती रात हाथियों ने नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 के दिघी गांव निवासी देवीलाल सोरेन के घर की 50-60 फीट चहारदीवारी को तोड़ दिया है. इस गांव से सटे जंगलों में कई जंगली हाथी मौजूद हैं. शाम होते ही उक्त हाथी जंगल से निकलकर गांव में प्रवेश करते हैं और उपद्रव मचाते हैं. आप लोगों ने वार्ड संख्या 11 स्थित सिद्धेश्वर सिंह के घर की चहारदीवारी को भी ध्वस्त कर दिया है. प्रखंड कार्यालय से सटे वार्ड संख्या 10 के बाजपाई नगर में भी एक हाथी घुस आया था. हवाई पट्टी से सटे बड़ी बस्ती और नगर कॉलोनी के लोग रात में हाथियों के डर से सो नहीं पा रहे हैं.













