जमशेदपुर : जमशेदपुर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) मनीष कुमार द्वारा सहकारिता विभाग अन्तर्गत कार्यरत सक्रिय लैम्पसों के अध्यक्ष और सचिव के साथ समाहरणालय सभागार में बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया. लैम्पसों को खरीफ बीज का वितरण एक सप्ताह के अंदर शत प्रतिशत करने तथा धान अधिप्राप्ति करने वाले लैम्पसों में सीसीटीवी कैमरा का अधिष्ठापन का निदेश दिया गया. उप विकास आयुक्त ने कहा कि किसानों के हित में सरकार द्वारा कई योजनायें चलाई जा रही हैं, किसान भी लैंपस से जुड़कर योजनाओं का लाभ लें. (नीचे भी पढ़ें)
सहकारिता विभाग के पदाधिकारियों को लैम्पसों के औचक निरीक्षण का निदेश दिया गया. उप विकास आयुक्त द्वारा जिले के सभी 228 लैंपसों को सक्रिय करने का निदेश जिला सहकारिता पदाधिकरी को दिया गया.वर्तमान में मात्र 40 लैंपस ही ऐसे हैं, जो सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं. उन्होने कहा कि लैंपस सक्रिय होने से किसानों को सीधा लाभ पहुंचाया जा सकेगा. सभी पंचायतों के किसानों को एक ओर जहां समय पर बीज वितरण में सहूलियत होगी वहीं धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य भी बढ़ा सकेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही लैम्पस का निर्वाचन पूर्ण करने, कार्यकारिणी की बैठक प्रत्येक महीने में कम से कम एक बार करने तथा वर्ष 2022-2023 का अंकेक्षण अद्यतन कराने का निदेश दिया गया. साथ ही लैम्पसों के कार्यों की समीक्षा हेतु प्रत्येक सप्ताह मंगलवार को बैठक करने का निदेश दिया गया. बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी विजय प्रताप तिर्की, सहायक निबंधक सहयोग समितियां घाटशिला, प्रखण्ड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, सहकारिता प्रसार पदाधिकारी और विभिन्न लैम्पसों के अध्यक्ष और सचिव उपस्थित थे.












