जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो में पृथ्वी उद्यान में वन विभाग के कार्यालय के पीछे साल 2018 में पानी टंकी का शिलान्यास हुआ था. यह जल मीनार 5 साल गुजरने के बाद भी अभी तैयार नहीं हो पाई है. पानी टंकी का काम अधूरा पड़ा हुआ है. काम भी ठप हो गया है. पानी टंकी नहीं बन पाने की वजह से हजारों घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा है. यह घर जलापूर्ति से वंचित हैं. पेयजल एवं स्वच्छता विभाग भी लापरवाही भी बरती जा रही है. झारखंड मुक्ति मोर्चा की मानगो समिति के अध्यक्ष फतेह चंद्र टुडू के नेतृत्व में झामुमो के कार्यकर्ता बुधवार को निर्माण स्थल पर पहुंचे पानी टंकी का दौरा किया और यहां धरना प्रदर्शन किया. (नीचे भी पढ़ें)
झामुमो की मानगो समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जल्द ही उपायुक्त से मिलकर मामले की शिकायत करेंगे. झामुमो नेताओं की मांग है कि ठेकेदार निर्माण कार्य में लापरवाही बरत रहा है. काम की गुणवत्ता भी ठीक नहीं है. इसके चलते अभी से जल मीनार के खंभों से बालू झड़ रहा है. झामुमो नेता फतेहचंद चंद टुडू का आरोप है कि इस निर्माण कार्य से भ्रष्टाचार की बू आ रही है. इसलिए मामले में कार्रवाई करते हुए ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किया जाए.












