
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कोल्हान के स्टेशनों में ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को एक पत्र लिखा है. इसके तहत उन्होंने मांग की है कि ट्रेन संख्या 18477 और 18478 उत्कल एक्सप्रेस का सोनुआ स्टेशन में, ट्रेन संख्या 12971 और 12972 (इस्पात एक्सप्रेस) का सोनुआ व गोइलकेरा स्टेशन में और ट्रेन संख्या 13287 और 13288 साउथ बिहार एक्सप्रेस का सोनुआ स्टेशन में ठहराव किया जाये. उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारतीय अर्थव्यवस्था को विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के संकल्प को पूरा करने में भारतीय रेल अग्रणी भूमिका में है. इसी निमित्त रेल मंत्री के कुशल नेतृत्व में भारतीय रेल द्वारा औद्योगिक व कृषि उत्पादों तथा खनिज संपदा के परिवहन, जन अपेक्षाओं के अनुरुप यात्री गाड़ियों का परिचालन, रेल के बुनियादी ढांचे के उन्नयन, सम्वर्द्धन और लोक कल्याणकारी रेल परियोजनाओं का सफल कार्यान्वयन किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया है कि झारखंड प्रदेश अन्तर्गत चक्रधरपुर रेल मंडल (दक्षिण पूर्व रेल) में यात्री सुविधाओं के उन्नयन के लिए जरूरी फैसला लेने की जरूरत है. उन्होंने बताया है कि चक्रधरपुर रेल मंडल की राजस्व संग्रहण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उल्लेखनीय है कि लौह अयस्क ढुलाई कर भारतीय रेल की आमदनी में वित्त वर्ष 2021-22 में 18,377 करोड़ रुपए एवं वित्त वर्ष 2022-23 में 21,333 करोड़ रुपए का योगदान इस मंडल का रहा है. राजस्व संग्रहण में अग्रणी योगदान के बावजूद चक्रधरपुर क्षेत्र के रेल उपभोक्ताओं को सुलभ रेल सुविधाओं का समुचित लाभ नही मिल पा रहा है. इस मंडल के सोनुआ और गोइलकेरा स्टेशनों में यात्री सुविधाओं का अभाव है. इस क्षेत्र के लोगों को चिकित्सा, शिक्षा, कृषि उत्पादों को बाजार – तक ले जाने और रोजी-रोजगार की तलाश के लिए अन्यत्र आना-जाना पड़ता है. कोविड- 19 लॉकडाउन के समय से कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव बंद किए जाने से रेल यात्रियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है. समय-समय पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा पुनः रेल ठहराव किए जाने से सम्बन्धित प्रतिवेदन रेल मंत्रालय को प्रेषित किया गया है.














