जमशेदपुर : धालभूम अनुमंडल प्रशासन के निर्देश पर यूनियन बैंक के बकायेदार महामाया सर्जिकल्स के द्वारा गिरवी रखे भवन को खाली कराने पहुंची प्रशासन की टीम ने भवन मालिक को मानवीय आधार पर और दो दिन का समय दे दिया. हालांकि भवन के एक भाड़ेदार से प्रशासन ने भवन खाली करा दिया.(नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि महामाया सर्जिकल्स ने वर्ष 2014 में यूनियन बैंक की बिष्टुपुर मुख्य शाखा से करीब चालीस लाख रुपये का ऋण लिया था. इसके लिए सेक्योरिटी के रूप में महामाया सर्जिकल्स की ओर से अपना भवन गिरवी रखा था. बाद में बैंक के बार-बार प्रयास करने के बाद भी कर्ज की राशि नहीं लौटाये जाने पर बैंक ने डीआरटी में इसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की थी. कर्जदार फर्म के कर्ज नहीं लौटाने के कारण डीआरटी ने विगत दिनों उक्त भवन को नीलाम कर दिया था, किन्तु इसके बाद भी कर्जदार की ओर से भवन को खाली नहीं किया जा रहा था, जिसके कारण प्रशासन की ओर से विगत 15 जुलाई को भवन खाली करने के लिए इश्तेहार चिपकाया गया था ताकि नीलामी में भवन की खरीद करने वाले को उसकी दखलदिहानी कराई जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद भी कर्जदार के भवन खाली नहीं करने के कारण सोमवार को अनुमंडल प्रशासन की ओर से प्रतिनुयुक्त दंडाधिकारी दल-बल के साथ पहुंचीं. दंडाधिकारी ने वहां भवन के एक भाड़ेदार से तत्काल भवन खाली करा दिया, जबकि कर्जदार ने अपनी मां के पैर में फ्रैक्चर का हवाला देते हुए भवन खाली करने के लिए और मोहलत मांगी. इस पर दंडाधिकारी ने बैंक अधिकारियों की सहमति से भवन खाली कराने का काम स्थगित करते हुए उन्हें मानवीयता के नाते दो दिन की मोहलत दे दी. हालांकि दंडाधिकारी ने उन्हें दो दिन के अंदर भवन खाली कर देने का निर्देश भी दिया. इस अवसर पर दंडाधिकारी के साथ यूनियन बैंक के मुख्य प्रबंधक मनीष शंकर भी उपस्थित थे.














