जमशेदपुर : टाटा स्टील की अनुषंगी कंपनी इंडियन स्टील एंड वायर प्रोडक्ट (आइएसडब्ल्यूपी, जिसको तार कंपनी कहा जाता है) के विस्तारीकरण को लेकर सोमवार को जमशेदपुर के टिनप्लेट काली मंदिर में जनसुनवाई हुई. इस जनसुनवाई में झारखंड प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय पदाधिकारी जीतेंद्र कुमार सिंह, एसडीओ पियुष कुमार सिन्हा और कंसल्टिंग इंजीनियर आशुतोष कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे. इस जनसुनवाई के दौरान जनता की काफी सहभागिता रही. जनसुनवाई के दौरान तार कंपनी मैनेजमेंट और यूनियन के अलावा सरकारी विभाग के लोग मौजूद थे. यहां लोगों ने तार कंपनी के विस्तार को शर्तों के साथ समर्थन करने की मांग की. इन लोगों ने कहा कि पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुंचे, ऐसा इंतजाम कर इसका विस्तार किया जाये. इसके अलावा ट्राफिक व्यवस्था खराब नहीं हो, आबोहवा बेहतर रहे, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं सीएसआर के तहत कंपनियां उपलब्ध कराये तो निश्चित तौर पर इस प्लांट को लगना चाहिए. लोगों ने यहां रोजगार का भी मुद्दा उठाया. हालांकि, कई लोगों ने प्लांट का विरोध किया और कहा कि सिर्फ दिखावे का सामाजिक उत्तरदायित्व की बात की जा रही है. यह गलत है. इस दौरान कुछेक लोगों को छोड़कर लगभग लोगों ने कंपनी के विस्तारीकरण प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी. (नीचे भी पढ़ें)

तार कंपनी के वर्तमान प्लांट में ही होना है विस्तार :
तार कंपनी के वर्तमान प्लांट में ही नये प्लांट का विस्तार होना है. कंपनी के वायर रॉड मिल में को 2,67,000 टन प्रति वर्ष की क्षमता से विस्तार करते हुए 4,75,200 टन प्रति वर्ष करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके अलावा वायर मिल का 62050 टन प्रति वर्ष को बढ़ाकर 2,37,600 टन प्रति वर्ष करने का लक्ष्य है. इसके जरिये एचसी और एमएस जीआइ तार बनाया जायेगा. इसके जरिये रिसाइकिल पानी का इस्तेमाल होगा जबकि एयर क्वालिटी को लेकर भी कई कदम उठाये जायेंगे. इससे पहले भी तार कंपनी के विस्तार की परियोजना को लेकर जनसुनवाई हुई थी, जो अलग से प्लांट बन रहा है. इसको लेकर भी मंजूरी मिल चुकी है.














