घाटशिला : घाटशिला महाविद्यालय में चार वर्षीय स्नातक सत्र- 2023- 27 सेमेस्टर वन में नामांकन हेतु 2221 छात्रों का प्रथम मेधा सूची जारी कर दी गई है. चयनित छात्रों का नामांकन 26 जुलाई से 3 अगस्त तक लिया जाएगा. जारी मेधा सूची में अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, एवं संताली विषयों में पूर्व आवंटित सीट से अधिक आवेदन प्राप्त होने से इन विषयों में आरक्षण नियमावली के तहत सूचि प्रकाशित किया गया है. जबकि मानव विज्ञान, बांग्ला, अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, बनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित, भौतिकी विज्ञान, जंतु विज्ञान, एवं वाणिज्य विषयों में जिन छात्रों ने नामांकन हेतु आवेदन किया है उन सभी छात्रों का चयन कर लिया गया है. प्राचार्य डॉ आरके चौधरी ने बताया कि चयन सूची कॉलेज के वेबसाइट पर अपलोड करवा दिया गया. इसके साथ ही चयन सूची कॉलेज काउंटर एवं सभी विभागों को भी उपलब्ध करा दिया गया है. वहां से भी छात्र अपना नाम देख सकते हैं. नामांकन के लिए विद्यार्थी नामांकन प्रपत्र कॉलेज के वेबसाइट से डाउनलोड करेंगे. नामांकन प्रपत्र में विषयों का चयन में मेजर विषय विद्यार्थी स्वयं भरेंगे. माइनर और एमडीसी में क्या विषय भरना है इसका चयन विभागीय शिक्षक की मदद से करेंगे. विभागीय शिक्षक के सत्यापन के बाद विद्यार्थियों को एक प्रपत्र कॉलेज काउंटर से लेना होगा, जिसमें विद्यार्थियों को अपना विस्तृत विवरण फोटो के साथ भरकर फॉर्म के साथ जमा करना होगा.(नीचे भी पढ़े)
नामांकन के समय एबीसी आईडी अनिवार्य
प्राचार्य डॉ आर के चौधरी ने बताया कि नामांकन के समय विद्यार्थियों को अपना एबीसीआईडी (एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट) बनाकर उसका नंबर नामांकन फॉर्म में भरना अनिवार्य है. विद्यार्थी एबीसी आईडी बनाकर ही अपना नामांकन करवाएं. नामांकन के समय विद्यार्थियों को चांसलर पोर्टल अथवा सीयूईटी की ऑनलाइन आवेदन की छाया प्रति, मनी रसीद की छाया प्रति, मैट्रिक परीक्षा का अंकपत्र एवं एडमिट कार्ड की छाया प्रति, इंटर का अंकपत्र एवं एडमिट कार्ड की छाया प्रति, सीएलसी एवं ट्रांसफर प्रमाण पत्र का मूल प्रति, आधार कार्ड की छाया प्रति, ब्लड ग्रुप का प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज का एक फोटोग्राफ एवं एबीसी आईडी नंबर नामांकन के समय जमा करना अनिवार्य होगा. नामांकन के दौरान विद्यार्थियों को कोई कठिनाई ना हो उसके लिए एक हेल्प डेस्क का गठन किया गया है. (नीचे भी पढ़े)
नामांकन प्रभारी डॉ एस पी सिंह के साथ नामांकन समिति के सदस्यों में प्रोफ़ेसर महेश्वर प्रमाणिक, प्रोफेसर मोहम्मद सज्जाद, प्रोफेसर अर्चना सुरीन, डॉ संजेश तिवारी, डॉ कनाई बारीक एवं समीर कुमार राय से संपर्क कर विद्यार्थी अपनी समस्या का समाधान कर सकेंगे. इंटरमीडिएट कला में घाटशिला कॉलेज में में चल रहे डायरेक्ट नामांकन के दौरान 50 प्रतिशत अंक तक जिन छात्रों ने आवेदन जमा किया था, उन सभी छात्रों का चयन कर सूची जारी कर दी गयी है. इंटर इंचार्ज डॉ एस पी सिंह ने बताया कि जारी सूची के अनुसार नामांकन प्रारम्भ कर दिया गया है. छात्र 31 जुलाई तक अपना नामांकन करवा सकते हैं. वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय में डायरेक्ट नामांकन सीट भरने तक जारी रहेगा.
















