
सरायकेला : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में बिजली विभाग की लापरवाही देख आप भी यही कहेंगे पूरा सिस्टम बांस- बल्लियों के सहारे झूल रहा है. यहां विभागीय लापरवाही साफ नजर आ रही है. देखिये कैसे जगह- जगह बांस- बल्लियों के सहारे बिजली के उपभोक्ता अपने घरों तक बिजली ले जाने को विवश हैं. ऐसे में सवाल उठना तो लाजिमी है. बरसात के मौसम में बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है. फिर जिम्मेदारी किसकी होगी ? कहीं- कहीं तो बिजली के तार जमीन में पड़े हुए हैं और कहीं जमीन को छूने वाले हैं इन लटकते तारों की वजह से कपाली क्षेत्र के लोग डर के साए में जीवन जीने को मजबूर है. (नीचे भी पढ़ें)
पास ही में कपाली नगर परिषद कार्यालय है, लेकिन इन बिजली के तारों को देखने वाला कोई नहीं है. स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर कई बार आवाज भी उठाया लेकिन निष्कर्ष शून्य निकला. स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब एक महीने से बिजली का तार गिरा हुआ है, लेकिन कोई देखने वाला नहीं है. कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. खासकर बच्चों को इससे ज्यादा खतरा है. अगर किसी बच्चे ने गलती से किसी तार को छू लिया तो फिर क्या होगा स्थिति इतनी बदतर है कि कहीं- कहीं बिजली के तार को पेड़ से बांधकर लेकर जाया गया है. जल्द ही अगर इन बिजली के तारों की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो बड़ी घटना घट सकती है.














