
जमशेदपुर : भारत निवार्चन आयोग से प्राप्त निर्देश के आलोक में लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) में इवीएम, बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट, वीवीपीएटी की प्राथमिक स्तरीय जांच आज से शुरू हो गई है. जमशेदपुर सदर प्रखंड के कीताडीह पंचायत स्थिति ईवीएम वेयर हाउस में प्रशासनिक व तकनीकी पदाधिकारियों की देखरेख में एफएलसी शुरू की गयी. इस मौके पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद हैं. जमशेदपुर के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देशानुसार एफएलसी के पहले दिन किए जा रहे कार्यों का जायजा लेने पहुंचे उप विकास आयुक्त (डीडीसी) मनीष कुमार द्वारा मौके पर मौजूद टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया. इस दौरान एसओआर-सह-एफएलसी पर्यवेक्षक दीपू कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी जमशेदपुर सदर प्रवीण कुमार मौजूद रहे. (नीचे भी पढ़ें)
उप विकास आयुक्त ने बताया कि 15 अगस्त तक एफएलसी पूरा कर लिया जाएगा. तकनीकी जांच के लिए इसीआइएल के इंजीनियर्स की टीम आयी है. उन्होने कहा कि इवीएम को चुनाव तक वेयर हाउस में सुरक्षित रखा जाएगा. इवीएम, बीयू, सीयू, वीवीपीएटी को जांच करने का काम पूरी पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ किया जा रहा है. इवीएम के एफएलसी कार्य को लेकर जांच स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि जांच केन्द्र के अंदर मोबाइल फोन, कैमरा, कैलकुलेटर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की मनाही है. साथ ही निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अग्निशामन की व्यवस्था, एफएलसी कार्य की वीडियोग्राफी, सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही. वहीं मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाया गया है. जांचोपरांत ही प्रत्येक व्यक्ति को अंदर जाने जाने दिया जा रहा. वहीं पूरे एफएलसी कार्य की सघन निगरानी हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय में लाइव वेबकास्टिंग भी की जा रही है.















