
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 स्थित एफसीआई गोदाम से चावल खाने के लिए जंगली हाथी ने बीती रात्रि हमला कर दिया. रामलाल नामक हाथी ने गोदाम के मुख्य गेट को तोड़कर गोदाम में प्रवेश किया और चावल से भरे दो गोदाम के दोनों शटर को तोड़ कर गोदाम में रखे चावल और गेहूं को खाकर और पैरों तले रौंदकर बर्बाद कर दिया है. हाथी ने गोदाम के पास स्थित चहारदीवारी को लगभग 20 फिट तोड़ दिया है. एफसीआई के संचालक सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि बीती रात्रि करीब 2 बजे हाथी ने गोदाम के मुख्य गेट को तोड़कर गोदाम में प्रवेश किया. (नीचे भी पढ़ें)
हाथी ने तीन नंबर गोदाम का सी ब्लॉक और दो नंबर गोदाम का ए ब्लॉक के सटर को तोड़कर उसमें रखें करीब 3 बोरी चावल और 3 बोरी गेहूं को खाकर और पैरों तले रौंदकर बर्बाद कर दिया है. हाथी के आने से गोदाम का गार्ड सुधांशु महतो ने छत पर चढ़कर अपनी जान बचाई. गौरतलब है कि इससे पहले हाथियों ने कई बार गोदाम की चहारदीवारी को तोड़ा है. बार बार गोदाम में हाथी के आने से गोदाम कर्मियों में दहशत का माहौल बना हुआ है.














