जमशेदपुर : जमशेदपुर की संस्था हर-हर महादेव सेवा संघ की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण मास की अंतिम सोमवारी पर 28 अगस्त को भजन संध्या का आयोजन किया जायेगा. साकची गुरुद्वारा मैदान में आयोजित होनेवाले भजनों के इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी एवं उनकी टीम श्रद्धालुओं को भजन सुनायेंगी. (नीचे भी पढ़ें)
संस्था की ओर से रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उक्त जानकारी दी गयी. संस्था के संरक्षक अमरप्रीत काले ने बताया कि कार्यक्रम पूर्व की भांति ही भव्य होगा, जिसके लिए साकची गुरुद्वारा मैदान में पक्का पंडाल लगाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए स्वयं सेवकों की टीम मुस्तैद रहेगी. एहतियाती बंदोबस्त के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन का भी सहयोग लिया जा रहा है. यह कार्यक्रम भोले बाबा को पूरी तरह समर्पित रहता है. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि हर-हर महादेव सेवा संघ समाज में उल्लेखनीय सेवा प्रदान करने के लिए विगत एक दशक से संघ रत्न सेवा अवार्ड प्रदान करता आ रहा है. पूर्व के वर्षों में चिकित्सा, समाज सेवा, उद्यमिता, लोकगीत गायन, शिक्षा विकास, रक्तदान, खेलकूद, बाल विवाह विरोध, जंगल रक्षा, पत्रकारिता, नारी शक्ति आदि के क्षेत्रों में योगदान के लिए डॉ सिधू, डॉ बी पी सिंह, डॉ चंद्रशेखर झा, आर के अग्रवाल हरि बल्लभ सिंह आरसी, राधेश्याम अग्रवाल, चामी मुर्मू, यमुना टुडू, विजय सिंह, लखबीर सिंह लक्खा, भरत शर्मा व्यास, अरुणा मिश्रा, पद्मश्री छुटनी महतो, डॉ आरके मिश्रा, प्रेमचंद, गणेश राव आदि को संघ रत्न सेवा अवार्ड प्रदान किया जा चुका है. इस वर्ष संघ रत्न अवार्ड के नामों की घोषणा 25 अगस्त को की जाएगी.











