जमशेदपुर : जमशेदपुर संयुक्त सामाजिक संगठन की ओर से नशा उन्मूलन, विशेष रूप से ब्राउन शुगर एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ साकची नेताजी मैदान से साकची शहीद चौक तक तिरंगा पदयात्रा सह जनजागरण अभियान का आयोजन किया गया. संयोजक संजीव आचार्य एवं पूर्वी सिंहभूम के कार्यपालक दंडाधिकारी सुमित कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस रैली का तिरंगा झंडा दिखाकर उद्घाटन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

पदयात्रा को संबोधित करते हुए कार्यपालक दंडाधिकारी सुमित कुमार ने कहा कि नशा समाज का नाश करता है, नशा के कारण ही हर तरह की बुरी घटनाएं समाज में घट रही हैं. इसे खत्म करने के लिए समाज के लोगों को जागरूक होना पड़ेगा. अगर वे जग गये तो नशा शत-प्रतिशत खत्म हो सकता है. उन्होंने इस आयोजन के लिए सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों का साधुवाद किया. उन्होंने कहा कि इस अभियान में किसी भी तरह की कोई परेशानी, दिक्कत या सहायता की जरूरत पड़े तो जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी उनके साथ खड़ी है. किसी भी परिस्थिति में शहर में हो रहे अन्याय- अत्याचार, कुरीतियों एवं भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे.(नीचे भी पढ़ें)

संयोजक संजीव आचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि जमशेदपुर सहित पूरे पूर्वी सिंहभूम के सभी थाना क्षेत्रों में दिन-प्रतिदिन ब्राउन शुगर के साथ ही अन्य नशीले पदार्थों का प्रभाव एवं भ्रष्टाचार बढ़ते ही जा रहे हैं, जिसका युवा वर्ग काफी तेजी से शिकार हो रहा है. नशा के कारण ही शहर तथा अन्य क्षेत्रों में लूट, हत्या, चोरी, बलात्कार, छेड़खानी, मारपीट, छिनतई, गलत आचरण तथा कुरीतियां समाज में बढ़ रही हैं. इनके निवारण के लिए शहर के अनेक सामाजिक संगठनों की ओर से आज पदयात्रा शुरू की गयी है. शहर के हर क्षेत्र में ऐसी पदयात्रा निकाल कर जन जागरण अभियान चलाया जाएगा.(नीचे भी पढ़ें)
आज की इस जन जागरूकता यात्रा को सफल बनाने में झारखंड क्रांति सेना, महिला एवं बाल उत्थान समिति, आधार महिला सेवा उत्थान समिति, शहीद स्मारक निर्माण समिति, राष्ट्रीय विधवा दिव्यांग एवं महिला उत्थान समिति, जेपी युवा छात्र संघर्ष मोर्चा, संपूर्ण आश्रय, मातृभाषा उन्नयन समिति कोल्हान, अनुकृति, नागरिक परिषद, प्रयास एक कदम, यात्रा एक नए जीवन की शुरुआत, सृष्टि महिला विकास सहयोग समिति, महिला शक्ति सहित दर्जनों संगठनों ने भागीदारी निभाई. आज के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शिरकत की.











