रांची : रांची के चर्चित जमीन घोटाले से संबंधित कागजात की फोरेंसिक जांच की जायेगी. इस मामले से जुड़े सारे दस्तावेज रांची शहर अंचल की ओर से रांची पीएमएलए कोर्ट को समर्पित कर दिये गये हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी चल रही है. मिली जानकारी के अनुसार कर्मचारियों द्वारा सौंपे गये जमीन घोटाले से संबंधित दस्तावेजों पर जगदीश राय एवं सरस्वती देवी के नाम अंकित हैं. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि प्रवर्तन निदेशालय ने इस संबंध में कोर्ट के समक्ष जमीन घोटाले से संबंधित दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच कराने की जरूरत बताई थी, जिसके आलोक में विशेष ईडी कोर्ट ने रांची शहर अंचल को जरूरी दस्तावेज कोर्ट में जमा कराने के निर्देश दिये थे. ध्यान रहे कि रांची के अलग-अलग इलाकों में फर्जी दस्तावेज के सहारे करोड़ों रुपए की जमीनों की खरीद-बिक्री हुई है. प्रवर्तन निदेशालय इस मामले की जांच कर रहा है, जिसको लेकर हुई पूछताछ में अब तक कई चौंकानेवाले खुलासे हो चुके हैं. (नीचे भी पढ़ें)
अब तक हुए खुलासे में इस घोटाले में कई बड़े व्यवसाइयों एवं सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत की बात भी सामने आई है, जिसमें करोड़ों रुपये के लेनदेन की बात भी उजागर हुई है. बताते चलें कि प्रवर्तन निदेशालय इस मामले में अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों की गिरफ्तारी कर चुका है, जिनमें रांची के पूर्व उपायुक्त छवि रंजन, व्यवसायी विष्णु अग्रवाल एवं कोलकाता के व्यापारी अमित अग्रवाल भी शामिल हैं.











