चांडिल : ईचागढ़ प्रखंड सभागार में मंगलवार को विधायक सविता महतो की अध्यक्षता में राशन डीलरों, पदाधिकारियों व पंचायत प्रतिनिधियों की एक संयुक्त बैठक हुई. बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने डीलरों को राशन समय पर उपलब्ध कराने, लाभुकों को समय पर और सही माप के साथ उपलब्ध कराने, दिसम्बर माह का राशन उपलब्ध कराने, राशन में डीलरों को कटौती करने का मामला छाया रहा. अधिकांश राशन डीलरों का अगस्त का अनाज नील कर दिया गया है, जिससे डीलर राशन वितरण नहीं कर पा रहे हैं. हर महीने राशन में कटौती किये जाने से डीलरों का दर्द साफ झलक रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में डीलरों को कोरोना काल का भी कमीशन नहीं मिलने का मामला उठाया. वहीं पंचायत प्रतिनिधियों ने समय पर राशन उपलब्ध कराने, राशन कार्ड से नाम हटाने व जोड़ने को सुगम बनाये जाने की मांग की. पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाते हुए मांग उठाई कि जिस लड़की की शादी अन्य जगह हो गयी है, उन नामों को हटाने के लिए लोगों को आपूर्ति कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. डीलरों ने समय पर अनाज आपूर्ति करने, दिसम्बर 2022 के अनाज की आपूर्ति करने के साथ ही कोरोना काल का बकाया कमीशन देने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक का संचालन बीडीओ किकू महतो ने किया. वहीं विधायक सविता महतो ने कहा कि बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों व डीलरों की समस्याओं को सुना गया एवं दोनों पक्षों की समस्याओं को लेकर उच्च पदाधिकारियों से बात कर इसे दूर करने की पहल की जाएगी. उन्होंने कहा कि समय पर अनाज की आपूर्ती करने को लेकर एमओ को दिशा- निर्देश दिये गये. उन्होंने कहा कि लाभुकों को हर हाल में बिना कटौती किए समय पर अनाज की आपूर्ती करने का निर्देश भी दिया गया. मौके पर सीओ भोलाशंकर महतो, एमओ राजकुमार रजक, एजीएम किरीटी भूषण गोप, विधायक के आप्त सचिव काबलू महतो, मुखिया राखोहरि मुण्डा, किसुन किस्कू, विपिन सिंह मुंडा, लक्ष्मी देवी, कृष्णा सिंह मुंडा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव आदि उपस्थित थे.














